जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुर्गम दच्छन क्षेत्र से दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बुधवार को लापता हुए इन दोनों जवानों का सुराग लगाने के लिए भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ऊपरी पर्वतीय और घने वन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लापता एसपीओ रशपाल कुमार (45) और बाबी चंद (57) दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों एसपीओ कियार शिविर से ढारना-मारवाह स्थित सेना की एक चौकी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। शुरुआती समय में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे नंबर बंद हो गए, जिससे उनके ठिकाने और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। जवानों के लापता होने के तुरंत बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि लापता जवानों का सुराग लगाने और उनके गायब होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए दुर्गम पर्वतीय वन क्षेत्रों सहित आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि जब तक तथ्य सामने नहीं आ जाते, तब तक इस घटना को किसी आतंकवादी गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी होगी। हालांकि, जवानों के इस तरह गायब होने से इस पहाड़ी जिले की सुरक्षा स्थिति पर ध्यान आकृष्ट हुआ है, जो पिछले कई वर्षों में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं का गवाह रहा है।
किश्तवाड़ की सुरक्षा स्थिति पर फिर टिकी नजरें
भले ही अधिकारी अभी किसी आतंकी हाथ की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन दो प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों का इस तरह लापता होना एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। किश्तवाड़ का यह पहाड़ी क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों के दौरान आतंकवाद से जुड़ी कई घटनाओं का गवाह रहा है। घने जंगल और कठिन पहाड़ी रास्ते अक्सर घुसपैठियों और छिपे हुए आतंकियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह साबित होते रहे हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर इस संवेदनशील जिले की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की चुनौतियों को रेखांकित करती है।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान युद्ध स्तर पर जारी है और सुरक्षा बल हर संभावित ठिकाने को खंगाल रहे हैं ताकि दोनों जवानों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi
