जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। मंगलवार को राज्य के राजौरी और जम्मू जिलों में तीन अलग-अलग स्थानों पर दो मोर्टार के गोले और एक हथगोला बरामद किया गया. सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन सभी जिंदा विस्फोटकों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, राजौरी के कोटरंका में स्थित कंडी इलाके में ग्रामीणों ने एक मोर्टार का गोला देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर दी।
इसे भी पढ़ें: US Iran War | अमेरिकी सीनेट का बड़ा फैसला! Donald Trump को ईरान युद्ध से पीछे हटने पर मजबूर करने वाला विधेयक आगे बढ़ा
तकनीकी जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए गोले को बाद में सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
एहतियात के तौर पर अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी थी।
एक अन्य घटना में, मंगलवार शाम राजौरी जिले के दरहल इलाके में खेतों में एक हथगोला मिला।
इसे भी पढ़ें: India-US Relations | साझेदारी को नई दिशा! अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की पहली भारत यात्रा 23 मई से होगी शुरू
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके को घेर लिया।
उन्होंने बताया कि बाद में सुरक्षा बलों द्वारा नियंत्रित तंत्र के जरिए हथगोले कोसुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
इसी तरह, मंगलवार को जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुचेतगढ़ इलाके के एक खेत से मोर्टार का एक पुराना और जंग लगा हुआ गोला बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में इस गोले को भी सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।
स्थानीय लोगों की सतर्कता आई काम
अधिकारियों ने इस पूरे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका की सराहना की है, जिन्होंने समय रहते इन विस्फोटकों को देखा और तुरंत प्रशासन को सूचित किया. तीनों ही घटनाओं में सुरक्षा बलों और बम निरोधक दस्ते के कड़े तालमेल के कारण किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. इलाके में एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
