भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में रविवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने अपनी एकादश में एक बदलाव करते हुए बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह ऑफ स्पिनर सारांश जैन को पदार्पण का मौका दिया है। कुलदीप वायरल संक्रमण से उबर रहे हैं।
हालांकि जरूरत पड़ने पर कुलदीप को कनकशन (सिर में चोट लगने से बेहोशी जैसी स्थिति) के विकल्प के तौर पर मैदान पर उतारा जा सकता है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कहा, ‘‘कुलदीप यादव अपनी वायरल बीमारी से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए एकादश में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
हालांकि जरूरत पड़ने पर वह कनकशन विकल्प के तौर पर मैदान पर उतर सकते हैं।’’
श्रीलंका ने भी दो बदलाव करते हुए कामिल मिशारा और पासिंदु सूर्याबंडारा को पदार्पण का मौका दिया है। पासिंदु पिछले टेस्ट में हालांकि कनकशन स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में खेले थे लेकिन यह मैच उनका पूर्ण पदार्पण है। भारत दो मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रहा है।
