किचन में खाना बनाने के दौरान अक्सर दूध फट जाता है, जोकि एक आम समस्या है। अधिकतर लोग फटे दूध से सिर्फ पनीर बनाते हैं या फिर समझ न आने पर इसको फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक खास नुस्खे से आप फटे दूध का इस्तेमाल करके बेहद स्वादिष्ट और सेहतमंद नाश्ता बना सकते हैं। फटे हुए दूध और सूजी के कॉम्बिनेशन से बनने वाली इडली मिनटों में तैयार हो जाती है। इसमें न तो आपको रात भर के लिए बैटर के फर्मेंट होने का इंतजार करना पड़ता है और न ही कोई लंबी तैयारी करनी होती है। फटे दूध का हल्का खट्टापन इडली को एकदम नई जैसी सॉफ्ट, फूली हुई और जालीदार बनाता है।
फटे दूध को सही से करें तैयार
सबसे पहले फटे हुए दूध को किसी बड़े बर्तन में निकालें। क्योंकि फटे हुए दूध और पानी का हिस्सा अलग-अलग दिखता है। इसको दूर करने के लिए एक व्हिस्क या चम्मच लें। फिर इसको 1 से 2 मिनट तक अच्छे से फेंटें। फेंटने से दूध की गुठलियां खत्म हो जाएंगी और यह एकदम स्मूथ, चिकना और एक समान घोल बनकर तैयार हो जाएगा।
सही मात्रा में मिलाएं सूजी और नमक
अब इस चिकने घोल में सूजी मिलाएं और यह नियम है कि जितना आपके पास फटे हुए दूध का नाप है। उतनी ही सूजी लें, जैसे 2 कप दूध के लिए 2 कप बारीक और मध्यम सूजी लें। इसके साथ ही इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं। इसको व्हिस्क या चम्मच से अच्छे से मिलाएं, जिससे कि सूजी और दूध आपस में पूरी तरह से घुलमिल जाए।
बैटर को रेस्ट दें
बैटर तैयार होने के बाद बर्तन को ढक्कन से ढककर कम से कम करीब 1 से 2 घंटे के लिए रखें। यह स्टेप काफी जरूरी है, क्योंकि आराम देने के दौरान सूजी सारा लिक्विड सोख लेती है। जिससे सूजी फूल जाती है और इडली का बैटर हल्का व फर्मेंटेड होने लगता है।
बैटर की कंसिस्टेंसी
करीब 1 से 2 घंटे बाद ढक्कन को हटाकर देखें और सूजी के फूलने की वजह से बैटर काफी गाढ़ा हो जाएगा। अगर बैटर ज्यादा सख्त या गाढ़ा लगे, तो इसमें थोड़ा सा सामान्य पानी मिलाकर इसको इडली के पारंपरिक बैटर जैसा बना लें। फिर इसमें 1 पैकेट फ्रूट सॉल्ट या आधा चम्मच बेकिंग सोडा डालें। फ्रूट सॉल्ट को एक्टिवेट करने के लिए इसके ऊपर ठीक 1 चम्मच गर्म पानी डालें और फिर बैटर को हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिलाएं।
स्टीम करें
इडली के साचों में हल्का सा तेल या फिर घी लगाकर ग्रीस करें। जिससे कि इडली चिपके नहीं। अब चम्मच की मदद से तैयार बैटर सांचों में डालें। इडली या स्टीमर पॉट में पानी को गर्म करें और फिर जब भाप बनने लगे, तो इडली स्टैंड को इसके अंदर रखें। फिर तेज आंच पर करीब 5 से 6 मिनट तक स्टीम होने दें। ध्यान रहे कि इसको ज्यादा देर न पकाएं, वरना इडली सख्त हो सकती है।
गरमागरम परोसें
करीब 5-6 मिनट बाद गैस को बंद कर दें और इडली स्टैंड को बाहर निकालें। इसकौ फौरन न निकालें। बल्कि करीब 2 मिनट के लिए ठंडा होने दें। फिर एक गीले चम्मच या टूथपिक की सहायता से पहले इडली के किनारों को ढीला करें और फिर इसको निकालें। इस तरह से रुई जैसी बेहद सॉफ्ट, स्पंजी और फूली हुई इडली बनकर तैयार है। इसको आप अपनी मनपसंद नारियल, मूंगफली या टमाटर-प्याज की तीखी चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व करें।
