दिवाली बीत गई, पर फ्रिज में अब भी काजू कतली का डिब्बा आपको बार-बार बुला रहा है। रसोई की शेल्फ पर सोन पापड़ी और मेज पर किसी के भेजे लड्डू खाने का मन करता रहता है। चाय के साथ एक बर्फी तो बनती है। हफ्ते भर ऐसा चला, तो त्योहार खत्म होने के बाद भी मीठे की आदत बनी रहती है। हालांकि, कुछ छोटे बदलावों से यह तलब काबू में आ सकती है। तो चलिए जानते हैं कि दिवाली के बाद मीठे की क्रेविंग क्यों बनी रहती है और इसे कैसे हैंडल करें-
तलब बनी क्यों रहती है?
एक बड़ी वजह आदत है। लगातार कई दिन तक एक ही समय पर, जैसे खाने के बाद या शाम की चाय के साथ, मीठा खाया जाए, तो उस समय मन अपने आप उसकी मांग करने लगता है। ऊपर से जब मिठाई का डिब्बा हर वक्त आंखों के सामने हो, तो रुकना और मुश्किल हो जाता है।
इसे भी पढ़ें: Health Tips: High Screen Time और तनाव से बिगड़ती है Sleep Quality, इन गलतियों से बढ़ती है थकान
इसके अलावा दूसरी वजह है नींद। त्योहार में देर रात तक जागना आम है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले के शोधकर्ताओं ने 2013 में 23 युवाओं के दिमाग का स्कैन एक बार पूरी नींद के बाद और एक बार रात भर जागने के बाद किया। नींद न होने पर दिमाग का सोच-समझकर फैसला लेने वाला हिस्सा कमजोर पड़ा, और लोगों का झुकाव ज्यादा कैलोरी वाले जंक फूड की तरफ बढ़ गया।
मीठे की तलब कम करने के आसान तरीके
अगर आप दिवाली के बाद मीठे की तलब कम करना चाहती हैं तो ऐसे में कुछ आसान तरीके आजमाए जा सकते हैं-
सबसे पहले डिब्बे को नजरों से हटाएं। आप कुछ डिब्बे घर में काम करने वालों, पड़ोसियों या दफ्तर में बांट दें। मिठाइयां सामने नहीं दिखेगी, तो हर बार हाथ बढ़ाने से पहले एक बार सोचना पड़ेगा।
कोशिश करें कि आप नाश्ते में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं। इससे पेट देर तक भरा रहता है और फिर शाम को मीठे और तले स्नैक्स कम खाए गए। अगर आप वेजिटेरियन है तो पनीर भुर्जी, बेसन या मूंग दाल का चीला, अंकुरित दाल और दही अच्छे विकल्प हैं।
नींद की कमी क्रेविंग को बढ़ाती है, इसलिए त्योहार की थकान उतारने के लिए कुछ दिन जल्दी सोने की कोशिश करें।
अगर रोज रात खाने के बाद मीठा खाने की आदत बन गई है, तो अपनी आदत में बदलाव करने की कोशिश करें। उसी समय कुछ और रखें, जैसे भुनी सौंफ, थोड़ा गुनगुना पानी या एक छोटा फल।
आज से मिठाई बिल्कुल बंद वाला वादा कई बार जल्दी टूट जाता है। इसके बजाय दिन में एक छोटा टुकड़ा तय करें और उसे बैठकर, धीरे-धीरे खाएं।
– मिताली जैन
