चंडीगढ़ पांच अगस्त हरियाणा सरकार राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेगी। राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन सात अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-तीन स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा। गौतम ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।
राज्य के 10 खिलाड़ियों ने कुल सात स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि राज्य की खेल नीति के तहत पदक विजेताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों को कुल 13.47 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सातों स्वर्ण पदक विजेताओं को 1.50-1.50 करोड़ रुपये, दोनों रजत पदक विजेताओं को 75-75 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले 13 खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 7.50-7.50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि मंगलवार को स्कॉटलैंड से लौटे हरियाणा के राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेताओं का उन्होंने स्वयं दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया जहां पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ खिलाड़ियों का भव्य नागरिक अभिनंदन हुआ था।
