हरदोई जिले के संडीला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक डेयरी पर मिलावट के संदेह में छापेमारी के बाद जिला प्रशासन ने करीब 38 हजार लीटर दूध जब्त किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं संडीला की उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पूनम डेयरी के दो टैंकर में भरा हुआ दूध जब्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, दूध और डेयरी परिसर में मिले अन्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए सात नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में रसायन, दूध और अन्य सामग्री भी मिली, जिससे मिलावट की आशंका और गहरा गई है। अधिकारियों ने बताया कि डेयरी का संचालन कथित तौर पर प्रदीप गुप्ता नामक व्यक्ति करता है।
कार्रवाई के दौरान संडीला के पुलिस क्षेत्राधिकारी श्लोक गौतम के साथ खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। भाटिया ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
