ब्रिटेन के शाही परिवार के युवराज विलियम द्वारा जलवायु परिवर्तन के लिए नए और रचनात्मक समाधानों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया छठा ‘अर्थशॉट प्राइज’ 17 नवंबर को यहां प्रदान किया जाएगा। अर्थशॉट प्राइज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेसन नॉफ ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस बार के अर्थशॉट पुरस्कारों के लिए पांच श्रेणियों में 15 जलवायु समाधानों की संक्षिप्त सूची बनायी गयी है, जिनसे 20 लोग जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि विलियम अगले हफ्ते अपनी मुंबई यात्रा के दौरान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
‘प्रकृति की रक्षा और पुनर्बहाली’ श्रेणी के अंतर्गत, भूटान की राजकुमारी चिमी यांगजोम वांगचुक और वरिष्ठ वन अधिकारी कर्मा तेनजिन को हिमालयी वनों के संरक्षण में उनके काम के लिए लघु सूची में रखा गया है। यह काम उन जल प्रणालियों को बनाए रखने में मदद करता है, जो दक्षिण एशिया में नीचे की ओर रहने वाले 1.6 अरब लोगों के जीवन का आधार हैं। ‘द इंडिजिनस अलायंस’ के सीईओ सैम मरे को 27 करोड़ हेक्टेयर ऑस्ट्रेलियाई रेगिस्तान की देखभाल करने वाले रेंजर का समर्थन करने के लिए लघु सूची में रखा गया है।
येलोस्टोन टू युकोन कंजर्वेशन इनिशिएटिव की अध्यक्ष और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. जोडी हिल्टी, और प्रमुख हार्लन शिलिंग को कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका में 3,400 किमी के जंगलों को फिर से जोड़ने के लिए इस सूची में जगह दी गयी है। नॉफ ने कहा कि पुरस्कार समारोह में भारत के नेतृत्व, प्रबंधन और संस्कृति का भी जश्न मनाया जाएगा। ‘अर्थशॉट’ के पांच अंतिम प्रतिभागियों में से प्रत्येक को 10 लाख पाउंड मिलेंगे।
‘क्लीन आवर एयर’ (हमारी हवा को साफ करें) श्रेणी के तहत, ‘महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी’ की प्रबंध निदेशक और सीईओ सुमन मिश्रा को किफायती इलेक्ट्रिक रिक्शा बनाने के लिए लघु सूची में रखा गया है। ‘फिक्स आवर क्लाइमेट’ श्रेणी में, ‘महिला हाउसिंग ट्रस्ट’ की कार्यकारी निदेशक बीजल ब्रह्मभट्ट को नामांकित किया गया है। उन्हें भारत के कुछ सबसे कमज़ोर समुदायों को भीषण गर्मी से निपटने में मदद करने के लिए यह नामांकन मिला है।
