रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 30 पैसे टूटकर 95.84 प्रति डॉलर पर आ गया। ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 106 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बीच तेल आयातकों की ओर से डॉलर की बढ़ी मांग ने भारत के बाहरी संतुलन और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.84 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 30 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.54 पर बंद हुआ था। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार बंद थे।
इस बीच, दुनिया छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत बढ़कर 99.60 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.19 प्रतिशत चढ़कर 106.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच यह तेजी आई है।
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 233.66 अंक चढ़कर 75,022.37 अंक पर और निफ्टी 63.85 अंक बढ़कर 23,462.30 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 930.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
