अक्सर घर में पुरानी या बेकार चूड़ियां रखी होती हैं। अक्सर महिलाएं लाल और हरी चूड़ियों का क्राफ्ट में इस्तेमाल कर लेती हैं, लेकिन पीली चूड़ियां ऐसे ही पड़ी रह जाती हैं। इस दिवाली इन चूड़ियों कों फेंकने की जगह आप इनसे बेहद खूबसूरत और विंटेज हैंगिंग दीया होल्डर बनाकर तैयार कर सकती हैं। बता दें कि आप 6-8 पुरानी पीली चूड़ियों को आपस में क्रॉस करके 3D फ्रेस बनाकर तैयार कर सकती हैं और फिर इनको कार्डबोर्ड बेस लगाकर एक टिकाऊ होल्डर बना सकती हैं। इसमें जलाया गया दीपक या टी-लाइट कैंडल आपके घर के हर कोने को रोशनी और पॉजिटिव वाइब्स से भर देगा।
पुरानी चूड़ियों से बनाएं होल्डर
सबसे पहले अपने घर में एक ही साइज और रंग की कुछ पुरानी कांच या प्लास्टिक की चूड़ियों को एकत्र कर लें। बता दें कि मजबूत और सुंदर होल्डर बनाने के लिए करीब 6 से 8 चूड़ियों की जरूरत होगी। इन चूड़ियों को साफ कर लें, जिससे कि ग्लू आसानी से चिपक सके।
चूड़ियों को जोड़कर बनाएं 3D फ्रेम
दो-दो चूड़ियों को आपस में ग्लू या टेप की मदद से एक-दूसरे के क्रॉस में ऐसे चिपकाएं कि यह एक गोल पिंजरे की तरह शेप ले ले। यह आपके कैंडल होल्डर का मुख्य ढांचा बनेगा।
कार्डबोर्ड से तैयार करें मजबूत बेस
दीया या कैंडल रखने के लिए एक बेस की जरूरत होगी। इसके लिए किसी कार्डबोर्ड या पुराने गत्ते पर चूड़ी रखकर एक गोल घेरा बनाएं और फिर इसको कैंची से काट लें। इस गोल कार्डबोर्ड के ऊपर ग्लू लगाएं और चूड़ियों से बने 3D ढांचे के निचले हिस्से में इसको मजबूती से चिपका दें।
बेस को पेंट कर फिनिशिंग दें
कैंडल होल्डर को खूबसूरत लुक देने के लिए कार्डबोर्ड के ऊपरी और निचले हिस्से पर अपनी पसंद का रंग जैसे गोल्डन, ब्लैक या एक्रिलिक पेंट करना चाहिए। वहीं पेंट सूखने के बाद इसका लुक फिनिश्ड और प्रीमियम नजर आएगा। जिससे गत्ता बिल्कुल भी नहीं दिखाई देगा।
डोरी या धागे से हैंगिंग लूप बनाना
इस होल्डर को अब ऊपर टांगने के लिए चूड़ियों के ऊपरी हिस्से पर एक पतली रस्सी, सुंदर डोरी या सूतली को अच्छे से मजबूती से बांधें। आप चाहें तो डोरी की लंबाई को अपने हिसाब से छोटा या बड़ा रख सकते हैं। जिससे कि दीवारों या छत से लटकाने पर इसकी ऊंचाई एकदम सही रहे।
टी-लाइट कैंडल से सजाएं घर
इस आसान तरीके से DIY हैंगिंग कैंडल होल्डर पूरी तरह से तैयार है। इसके बेस पर एक छोटी टी लाइट कैंजल या छोटा दीपक रखें और इसको जलाएं। इसको आप पूजा घर, बालकनी, लिविंग रूम या दीवारों पर भी टांगें। इसकी रोशनी फैलते ही आपका घर बेहद खूबसूरत नजर आएगा।
