दिल्ली पुलिस ने निवेश पर आकर्षक मुनाफे का लालच देकर करीब 24 लाख रुपये की कथित तौर पर साइबर ठगी करने के मामले में पंजाब के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, ठगी में इस्तेमाल किए गए एक बैंक खाते के खिलाफ देशभर में दर्ज 18 शिकायतें जांच के दौरान दर्ज पाई गई हैं।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी बगीचा (26), धर्मिंदर सिंह बराड़ (37) और प्रबोध कुमार (59) के रूप में हुई है और पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि करावल नगर निवासी विक्रम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे व्हाट्सऐप समूह के जरिए ऑनलाइन निवेश योजना में पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया गया और आकर्षक मुनाफे का वादा किया गया था। उसने बताया कि शुरुआत में ऑनलाइन मंच पर उसे अच्छा मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो उससे अलग-अलग बहानों से और पैसे जमा कराने को कहा गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता को व्हाट्सऐप के जरिए निवेश के लिए प्रेरित करने वाले लोग विदेश से काम कर रहे थे। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान ठगी की रकम में से 3.01 लाख रुपये 14 सितंबर को अमृतसर स्थित एक ऊनी कपड़ा मिल के नाम पर संचालित बैंक खाते में जमा होने का पता चला। उनके मुताबिक, पुलिस ने जांच के दौरान गुरुग्राम के एक होटल से बगीचा को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर 18 नवंबर को पंजाब के अबोहर में छापा मारकर धर्मिंदर सिंह बराड़ को पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद 23 नवंबर को बैंक खाताधारक प्रबोध कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे भेजने के लिए बैंक खातों की व्यवस्था करते थे और इसके बदले कमीशन लेते थे। इसमें क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेनदेन भी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
