राष्ट्रीय राजधानी के काका नगर इलाके में एक डीसीपी के आवास पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सारा सामान बरामद कर लिया है।आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने चोरी हुआ आईफोन, हीरे की अंगूठी, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित सभी सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के घर हुईं चोरी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया।
घटना 11 अगस्त को हुई जब अधिकारी ड्यूटी के लिए सुबह करीब 5.30 बजे अपने आवास से निकले। वह सुबह करीब 8 बजे लौटे और घर में समान बिखरा हुआ देखा जिसके बाद तुगलक रोड थाने को मामले की सूचना दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी रसोई के पास स्थित ऐसे दरवाजे से बाहर निकले थे, जिसमें ताला लगाने की सुविधा नहीं थी।
उन्होंने बताया कि वापस लौटने पर उन्हें घर से कई सामान गायब मिले। चोरी की गई वस्तुओं में उनकी पत्नी का आईफोन, एक हीरे की अंगूठी, लगभग 10,000 रुपये नकद, एक पर्स और बटुआ शामिल था, जिसमें डेबिट और क्रेडिट कार्ड और कई पहचान दस्तावेज रखे थे। सूत्र ने कहा कि अधिकारी का बटुआ भी चोर ले गया, जिसमें उनका दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड था।
घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन भी चोरी हो गया। तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज किया गया और जिला अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूत्र ने कहा कि पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी और स्थानीय जांच की, जिससे 24 घंटे के भीतर चोरी हुए सामान की बरामदगी हो गई और एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई।
