दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों में महिला यात्रियों के लिए गुलाबी टिकट सुविधा को 15 अगस्त तक बढ़ा दिया है। एक आधिकारिक आदेश में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। परिवहन विभाग की ओर से जारी पूर्व निर्देश के तहत अगस्त से ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया जाना था।
डीटीसी ने एक आदेश में कहा, ‘‘स्मार्ट कार्ड-आधारित प्रणाली में सुचारु परिवर्तन की सुविधा के लिए मौजूदा व्यवस्था का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। तदनुसार, सभी डीटीसी बसों में तत्काल प्रभाव से निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा।’’
इसमें कहा गया, ‘‘16 अगस्त से गुलाबी टिकट केवल उन्हीं महिला यात्रियों को जारी किए जाएंगे जिनके पास वैध ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड है।’’
अब तक शहर भर में लगभग 17 लाख ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य इन आंकड़ों को बढ़ाना है। अधिकारियों ने बताया कि महिला यात्रियों द्वारा ‘पिंक सहेली’ कार्ड को धीमी गति से अपनाने के मद्देनजर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने अपनी बसों में महिलाओं को कार्ड प्राप्त करने की सलाह देते हुए एक विशेष अभियान चलाया था।
अधिकारियों के अनुसार, मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए मौजूदा कागज-आधारित गुलाबी टिकट को धीरे-धीरे समाप्त करने और स्मार्ट कार्ड-आधारित प्रणाली में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
