दिल्ली के द्वारका इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर गोली चला दी। इस फायरिंग में दो मजदूरों को गोली लगी, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल है। घटना के बाद से आरोपी पुलिसकर्मी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
क्या है मामला?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह घटना जाफरपुर कलां इलाके में रविवार देर रात करीब 2 बजे हुई। कुछ मजदूर पार्टी कर रहे थे। शोर-शराबे को लेकर मजदूरों और हेड कांस्टेबल नीरज के बीच बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान हेड कांस्टेबल ने आपा खो दिया और गोली चला दी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या घटना के समय आरोपी नशे में था या नहीं।
पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार का दर्द
इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अपने भाई को खोने के बाद पीड़ित की बहन पूरी तरह टूट गई है। उन्होंने रोते हुए बस यही कहा, “मेरे भाई को गोली मारकर मार डाला गया।” परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है।