ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने शुक्रवार को चक्रवात अकवान के मद्देनजर सदन की कार्यवाही 23 नवंबर की सुबह तक स्थगित कर दी। चक्रवात ने शुक्रवार को गोपालपुर के पास दस्तक दी। यह फैसला सर्वदलीय बैठक में लिया गया, जिसके बाद पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विधायक चक्रवात अकवान के प्रतिकूल प्रभावों से निपटने में लोगों की मदद करेंगे। अध्यक्ष ने कहा, सदन की कार्यवाही दो दिन तक स्थगित रहेगी और 23 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से यह फिर शुरू होगी। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष और सत्तारूढ़ दल के सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि सदन को शुक्रवार के शेष समय और शनिवार के लिए स्थगित करने की आवश्यकता है।
रविवार को अवकाश है। ऐसे में विधायकों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने के लिए दो दिन मिलेंगे। इससे पहले, शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे प्रश्नकाल शुरू होते ही बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के सदस्य तख्तियां लेकर आसन के करीब पहुंच गए और अपने-अपने मुद्दों को उठाने की अनुमति देने की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
बीजद विधायकों ने सदन की सभी कार्यवाही स्थगित कर चक्रवात और बाढ़ राहत अभियानों पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रही है। वहीं, कांग्रेस सदस्यों ने आंध्र प्रदेश के साथ कोटिया सीमा विवाद को लेकर नारेबाजी की और विधानसभा में इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की।
सदन की कार्यवाही सुचारू तरीके से नहीं चला पाने पर अध्यक्ष ने पहले कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक स्थगित कर दी। इसके बाद जब सदस्य दोबारा सदन में एकत्र हुए तो पाढ़ी ने कार्यवाही सोमवार सुबह तक स्थगित करने की घोषणा की।
