पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंचने से घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500.25 अंक फिसलकर 75,060.61 अंक पर और एनएसई निफ्टी 129.40 अंक लुढ़कर 23,506.10 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही।
वहीं एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और अदाणी पोर्ट्स के शेयर बढ़त में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट में बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 123.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 555.23 अंक और निफ्टी 144.05 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
