क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज अब पति-पत्नी हैं। पुर्तगाल के फुटबॉल स्टार का प्रतिनिधित्व करने वाली जनसंपर्क टीम ब्रंसविक ग्रुप ने मंगलवार को रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी की घोषणा करते हुए इसे ‘‘एक निजी और अंतरंग क्षण’’ बताया। ब्रंसविक ग्रुप के अनुसार विवाह समारोह पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन के पास पश्चिमी पुर्तगाल के एक तटीय शहर कैस्केस में आयोजित किया गया था, जिसमें उनके पांच बच्चे शामिल थे।
इस जोड़े ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी अंगूठियों की तस्वीर पोस्ट की। रोनाल्डो और जॉर्जिना की पहली मुलाकात मैड्रिड में हुई थी और वह पिछले 10 साल से साथ में थे। रोनाल्डो 41 साल के हैं और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल हैं।
वह पांच बार विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने हाल में पुर्तगाल की तरफ से रिकॉर्ड छठे विश्व कप में भाग लिया था। रोनाल्डो क्लब स्तर पर सऊदी अरब की टीम अल नासर की तरफ से खेलते हैं जो शनिवार से अपने नए सत्र की शुरुआत करेगी।
