बार-बार दिवाली पर एक जैसी मिठाई खाकर बोर हो गए हैं, तो यह लेख आपके लिए है। हम आपको बताएंगे कैसे आप इस बार घर पर एकदम यूनिक स्टाइल मिठाई बना सकते हैं। शेफ कपिल सिकद्दर की बताई हुई
डिश को आप जरुर ट्राई करें।
वैसे ये डिशेज नमकीन और मीठे, दोनों तरह के स्वाद का मेल खाती है। आइए आपको इन स्वादिष्ट डिशेज को बनान की परफेक्ट रेसिपी।
मलाई स्टफ्ड क्रिस्पी रागी रोल (साॅफ्रन मलाई डेजर्ट)
मात्रा- 2 रोल के लिए
सामग्री-
रागी बेस के लिए-
रागी आटा (फिंगर मिलेट)- 1/2 कप
गेहूं का आटा या मिल्क पाउडर- 2 चम्मच
गुड़ का पाउडर या चीनी- 2 चम्मच
ताजा दूध- 1 कप
इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
शुद्ध घी- 2 चम्मच
फिलिंग के लिए-
मलाई या रबड़ी- 1.5 कप
हैवी क्रीम या कन्डेस्ड मिल्क
केसर और इलायची- आवश्यकतानुसार
गार्निशिंग के लिए-
ताजी या सूखी लाल गुलाब की पंखुड़ियां
बादाम के कतरन
पिस्ता के टुकड़े
किशमिश
शहद या केसर का सिरप
बनाने की तरीका
– सबसे पहले एक कटोरे में रागी का आटा, गेहूं का आटा और गुड़ का पाउडर मिलाएं।
– अब इसमें दूध डालकर एक चिकना घोल तैयार कर लें।
– फिलिंग के लिए, हेवी क्रीम या कन्डेस्ड मिल्क को केसर और इलायची के साथ तब तक धीमी आंच पर गाढ़ा करें, जब तक कि वह रबड़ी जैसी कंसिस्टेंसी में न आ जाए। इसे थोड़ा ठंडा होने दें।
– इसके बाद रागी का बेस तैयार कर लें और घी की मदद से इसे क्रिस्पी करें। फिर किनारे पर मलाई की फिलिंग रखें और इसे सिलेंडर आकार में रोल तैयार कर लें।
– अब सर्विंग प्लेट में सजाएं और गुलाब की पंखुड़ियों, बादाम, पिस्ता और किशमिश से गार्निश करें। आखिर में शहद या केसर सिरप की बूंदें छिड़कें।
तिल की किस (सेसेम एंड नट रॉयल बार्स)
मात्रा- 4-6 क्यूब्स
सामग्री–
सफेद तिल- 1 कप
काला तिल-1/2 कप
ऑर्गेनिक गुड़ (बारीक कटा हुआ)- 1 कप
भुने हुए मेवे- 1/2 कप (बादाम, पिस्ता और काजू कटे हुए)
सूखी अंजीर (बारीक कटी हुई)- 4-5 पीस
शुद्ध घी- 2 चम्मच
हरी इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
गार्निशिंग के लिए-
एडिबल गोल्ड लीफ
माइक्रो मिंट
सूखी क्रेनबेरी और बेरी सिरप
बनाने की विधि
– सफेद और काले तिल को अलग-अलग धीमी आंच पर खुशबू आने तक भून लें और फिर अलग रख लें।
– अब एक भारी तले के पैन में घी गर्म करें, कटा हुआ गुड़ और एक चम्मच पानी डालें। इसके बाद धीमी आंच पर इसको तब तक पिघलाएं जब तक यह एक सॉफ्ट-बॉल कंसिस्टेंसी में न आ जाए।
– इसके बाद गुड़ की चाशनी को दो हिस्सों में बांटें। एक हिस्से में भुने हुए सफेद तिल मिलाएं। दूसरे हिस्से में काले तिल, कटे हुए मेवे और अंजीर मिला लें।
– अब एक चौकोर मोल्ड को बटर पेपर से लाइन करें। बेस पर सफेद तिल का मिश्रण और उसके ऊपर काले तिल, नट्स व अंजीर का मिश्रण दबाते हुए दो अलग-अलग परते बना लें।
– इसको 15-20 मिनट सेट होने दें और फिर क्यूब्स में काट लें। बेरी सिरप, माइक्रो मिंट, पिस्ता और एडिबल गोल्ड लीफ से गर्निश कर लें। फिर इसको सर्व करें।
