उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के ईसार पीथा पट्टी गांव में दो अगस्त को खुशबू चौरसिया (21) नामक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
इस मामले में विवाहिता के पिता राजेंद्र चौरसिया की शिकायत पर उसके पति शिवम चौरसिया, ससुर मालिक चंद्र चौरसिया, सास, ननद अनिता देवी और अनिता के पति शत्रुघ्न चौरसिया के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया गया। गड़वार थाना क्षेत्र के नराव गांव निवासी राजेंद्र चौरसिया ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी खुशबू की शादी पिछले साल 23 मई को शिवम से की थी और दहेज भी दिया था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में हीरो मोटरसाइकिल की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने खुशबू को फंदे पर लटकाकर मार डाला और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति शिवम 23 को मंगलवार को सिकंदरपुर कस्बे में गिरफ्तार कर लिया और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
