नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर डीमार्ट नाम से खुदरा दुकानों का संचालन करने वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स की एकल आधार पर परिचालन आय चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 18.4 प्रतिशत बढ़कर 19,206.18 करोड़ रुपये रही। एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में उसकी परिचालन आय 16,218.79 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा, ‘‘30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में एकल आधार पर परिचालन आय 19,206.18 करोड़ रुपये रही।’’
दमानी परिवार प्रवर्तित इस कंपनी के स्टोर की कुल संख्या 30 सितंबर तक 518 थी।
इसमें महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सानपाड़ा का स्टोर भी शामिल है, जो पुनर्निर्माण के कारण फिलहाल ग्राहकों के लिए बंद है। डीमार्ट की आय तिमाही आधार पर 4.7 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी की आय जून तिमाही में 18,343.49 करोड़ रुपये थी।
राधाकिशन दमानी और उनके परिवार द्वारा प्रवर्तित डीमार्ट महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), तमिलनाडु, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न बाजारों में रोजमर्रा के घरेलू तथा व्यक्तिगत उपयोग के उत्पाद बेचता है।
