कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र में भारी निवेश को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दिग्गज एआई कंपनी एंथ्रोपिक करीब 1,300 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने मंगलवार को एक नियामकीय दस्तावेज में कहा कि वह 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर के मूल्य दायरे में 82.5 करोड़ शेयर जारी करेगी। आईपीओ में शेयर का मूल्य तय दायरे के मध्य स्तर पर रहने पर कंपनी 61 अरब डॉलर से अधिक जुटा सकती है।
क्लॉड चैटबॉट बनाने वाली अमेरिकी कंपनी के इस महीने अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है। इसके सूचीबद्ध होने के साथ ही वह प्रतिद्वंद्वी एआई कंपनी ओपनएआई से पहले शेयर बाजार में उतर जाएगी। पिछले महीने दाखिल नियामकीय दस्तावेज के मुताबिक, एंथ्रोपिक का राजस्व तेजी से बढ़ा है।
चालू वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 14 गुना बढ़कर 16 अरब डॉलर से अधिक रहा। हालांकि, कंपनी अभी मुनाफे में नहीं आई है। चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई के पूर्व अधिकारियों ने ही 2021 में एंथ्रोपिक की स्थापना की थी।
कंपनी एआई क्षेत्र में दबदबे के लिए ओपनएआई से प्रतिस्पर्धा कर रही है। दोनों कंपनियों के अलावा गूगल, अमेरिका और चीन के नए स्टार्टअप तथा एआई कारोबार में सक्रिय स्पेसएक्स भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं। एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डारियो अमोडेई ने सितंबर में कहा था कि एआई उद्योग को विकास की अपनी तेज रफ्तार कुछ धीमी करनी चाहिए, ताकि सुरक्षा उपायों के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
उन्होंने आगाह किया था कि ऐसा नहीं होने पर एआई अगले छह से 12 महीनों में ऐसे एजेंट विकसित कर सकता है, जो पूरे इंटरनेट पर नियंत्रण हासिल कर सकते हैं। कंपनी के शेयर नैस्डैक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट में एएनटी नाम से सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।
