तुर्किये के अंताल्या शहर में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में बुधवार को विश्व नेताओं ने औपचारिक बातचीत शुरू की। विश्व के नेता गत एक साल में आई विनाशकारी बाढ़, लू और जलवायु से जुड़ी अन्य आपदाओं के मद्देनजर ‘ग्लोबल वार्मिंग’ को रोकने के लिए ठोस कदमों पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अमेरिका, चीन और भारत समेत दुनिया में सबसे अधिक कार्बन उत्सर्जन करने वाले कुछ देशों के नेता सीओपी31 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।
उनकी अनुपस्थिति के बीच कुछ देशों के नेता और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी जलवायु कार्रवाई के लिए दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं जबकि एक नयी रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि देशों के जलवायु वादों और वास्तव में होने वाली उत्सर्जन कटौती के बीच का अंतर बढ़ता जा रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि वैश्विक तापमान में पूर्व-औद्योगिक स्तरों की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस (2.7 डिग्री फारेनहाइट) से अधिक वृद्धि होने की आंशका है। वैश्विक तापमान में वृद्धि को सीमित रखने को लेकर 2015 के पेरिस समझौते में एक लक्ष्य तय किया था और यह आज भी अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विश्व नेताओं से जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘हम सच जानते हैं। अब हमें इस पर कदम उठाने होंगे क्योंकि जलवायु के लिए की जाने वाली कार्रवाई, किसी संख्या या थर्मामीटर को लेकर होने वाली लड़ाई से कहीं बढ़कर है।
यह हमारे अपने जीवन और हमारे बच्चों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।’’
गुतारेस ने जलवायु वार्ता के लिए चार सिद्धांत- जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता खत्म करना, गर्म होती दुनिया के अनुकूल ढलना, जलवायु परिवर्तन से जूझ रहे देशों के लिए अमीर देशों से मिलने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाना, और टकराव के बजाय सहयोग को बढ़ावा देना पेश किये। ब्राजील के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने कहा कि पिछले एक साल में युद्धों, महंगाई और भू-राजनीतिक संघर्षों के कारण, जलवायु परिवर्तन का मुद्दा वैश्विक नेतृत्व के एजेंडे से पीछे छूट गया है। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े वर्षावन अमेजन की रक्षा करने का संकल्प लिया और विश्व नेताओं से एक न्यायपूर्ण व सतत भविष्य के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने अपने भाषण का एक बड़ा हिस्सा गाजा और फलस्तीनियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ‘‘गाजा में जो कुछ हुआ है, वह न केवल नरसंहार है, बल्कि यह एक ‘इकोसाइड’ (पर्यावरण विनाश) भी है। सदियों पुराने जैतून के पेड़ों को काट दिया गया है।
गाजा में मिट्टी और पानी प्रदूषित हो गए हैं, और वहां के शहरों को मलबे के विशाल ढेर में तब्दील कर दिया गया है।’’
इस सम्मेलन को दुनिया भर के 70 से अधिक नेता और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी संबोधित करेंगे, लेकिन कुछ प्रमुख नेता इसमें मौजूद नहीं हैं। जलवायु और ऊर्जा मामलों के विचार मंच ‘पावर शिफ्ट अफ्रीका’ के निदेशक मोहम्मद अडो ने कहा, ‘‘यह वाकई शर्म की बात है कि जी7 के सात राष्ट्राध्यक्षों में से केवल एक और जी20 के नेताओं में से बस कुछ ही इस शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को जलवायु संकट से निपटने की दिशा में नेतृत्व करना चाहिए, न कि इसे दूसरों पर छोड़ देना चाहिए।’’
