चेन्नई, दो नवंबर महाराष्ट्र राज्य लॉन टेनिस संघ (एमएसएलटीए) के अध्यक्ष प्रशांत सुतार ने 27 नवंबर को होने वाले अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। इस पद के लिए उनका मुकाबला दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस से होगा। यह मुकाबला इसलिए महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि पेस और एआईटीए के अंतरिम अध्यक्ष चिंतन पारिख ने आगामी चुनाव में एक साथ मिलकर काम करने की घोषणा की है।
एआईटीए के अंतरिम महासचिव सुंदर अय्यर भी इसी समूह का हिस्सा हैं। उनके इसी पद के लिए छत्तीसगढ़ के गुरचरण सिंह होरा के खिलाफ चुनाव लड़ने की संभावना है। दूसरे समूह की अगुआई दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) के अध्यक्ष और डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल कर सकते हैं।
उन्होंने पहले ही अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। सुतार को टेनिस प्रशासन और टूर्नामेंट आयोजन का अनुभव है। वह टाटा ओपन महाराष्ट्र एटीपी टूर्नामेंट के निदेशक रह चुके हैं और चेन्नई से स्थानांतिरत होने के बाद इस टूर्नामेंट को पुणे में आयोजित करने में उनकी अहम भूमिका रही थी।
सुतार ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में टेनिस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के कैलेंडर का विस्तार करना, जमीनी स्तर के कार्यक्रमों में सुधार करना और खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर अवसर तैयार करना शामिल होगा।
