नयी दिल्ली, छह अगस्त भारत ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-4’ का सफल परीक्षण किया। परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम इस मिसाइल का परीक्षण सामरिक बल कमान (एसएफसी) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘छह अगस्त को ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-4’ का सफल परीक्षण किया गया।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस परीक्षण के दौरान सभी अभियानगत और तकनीकी मानकों का सफलतापूर्वक सत्यापन हुआ।
यह परीक्षण सामरिक बल कमान के तत्वावधान में किया गया।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘अग्नि-4’ मिसाइल के सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ और एसएफसी को बधाई दी। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं एसएफसी और डीआरडीओ को इस बेहतरीन मिशन लॉन्च के लिए बधाई देता हूं, जिसने अत्याधुनिक तकनीकों से देश की रक्षा करने के भारत के संकल्प को फिर से साबित किया है।’’
‘अग्नि 1’ से ‘अग्नि 4’ मिसाइलों की रेंज 700 किलोमीटर से 3,500 किलोमीटर तक है।
