आज के समय में लोग खुद को फिट रखने के लिए जिम का सहारा लेते हैं। जिम में वर्कआउट करते हुए लोग अमूमन ट्रेडमिल जरूर करते हैं। खासकर जो लोग वजन कम करना चाहते हैं या अपनी रोज की फिजिकल एक्टिविटी को बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए ट्रेडमिल एक आसान विकल्प लगता है। लेकिन कई बार यह देखने में आता है कि लगातार ट्रेडमिल का इस्तेमाल करने के बाद भी लोगों को मनचाहे रिजल्ट नहीं मिलते हैं। दरअसल, इसके पीछे उनकी कुछ छोटी-छोटी गलतियां जिम्मेदार होती हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
शुरुआत में ही बहुत तेज स्पीड करना
ट्रेडमिल शुरू करते ही कुछ लोग बहुत तेज स्पीड से चलने लगते हैं। लेकिन शरीर को व्एक्सरसाइज के लिए तैयार होने में थोड़ा समय लगता है। इसलिए, शुरुआत में कुछ मिनट आरामदायक स्पीड से चलें। इसके बाद धीरे-धीरे अपनी गति बढ़ाएं।
इसे भी पढ़ें: Smoking और Pollution से डैमेज हुए Lungs क्या खुद ठीक हो सकते हैं, समझें रिकवरी प्रक्रिया
ट्रेडमिल के हैंडल को लगातार पकड़कर चलना
यह एक आम गलती है, जो अधिकतर लोग करते ही हैं। लेकिन, ट्रेडमिल पर चलते समय दोनों हाथों से आगे लगे हैंडल को पकड़कर चलने से शरीर का प्राकृतिक चलने का तरीका बदल सकता है। इसलिए, अगर आप संतुलन के लिए थोड़ी देर हैंडल पकड़ रही हैं तो बात अलग है, लेकिन पूरे समय शरीर का भार हैंडल पर डालकर चलना आपके चलने के तरीके को प्रभावित कर सकता है।
बहुत ज्यादा आगे झुककर चलना
ट्रेडमिल पर चलते समय आप किस तरह से चलते हैं, यह बहुत मायने रखता है। चलते हुए आप शरीर को आगे की ओर बहुत ज्यादा झुकाने से बचें। इससे ना केवल चलने की पोश्चर बिगड़ सकता है, बल्कि गर्दन, कंधों या कमर पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है। इसलिए, चलते समय सिर को सीधा रखें, कंधों को आराम दें और शरीर को सहज स्थिति में रखें।
पूरे समय नीचे की तरफ देखते रहना
चलते समय सामने देखने की सलाह दी जाती है। मोबाइल, ट्रेडमिल की स्क्रीन या अपने पैरों को लगातार देखते रहने से आपकी गर्दन आगे की ओर झुक सकती है। जिससे गर्दन में दर्द की संभावना बढ़ सकती है।
केवल स्पीड बढ़ाने पर ध्यान देना
कुछ लोग ट्रेडमिल पर चलते समय सिर्फ और सिर्फ स्पीड बढ़ाने पर ही ध्यान देते हैं। वो सोचते हैं कि ट्रेडमिल पर जितनी ज्यादा स्पीड होगी, उतनी ही ज्यादा कैलोरी बर्न होगी। हालांकि, यह जरूरी नहीं है। आपकी उम्र, शरीर, फिटनेस लेवल और व्यायाम की क्षमता के अनुसार सही स्पीड अलग हो सकती है।
– मिताली जैन
