पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बृहस्पतिवार को चेतावनी दी कि रूस, यूक्रेन का समर्थन कर रहे पोलैंड समेत यूरोपीय देशों पर ड्रोन या रॉकेट से ‘हाइब्रिड’ हमले करने की योजना बना रहा है। ‘हाइब्रिड’ हमले का अर्थ ऐसी कार्रवाई से है, जिसमें सैन्य हमले के साथ साइबर हमले, दुष्प्रचार और अन्य गैर-पारंपरिक तरीकों का भी इस्तेमाल किया जाता है। टस्क ने पोलैंड की संसद में अपने संबोधन में कहा कि रूस इन हमलों को ‘‘दुर्घटना’’ बताने की कोशिश करेगा ताकि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के देशों को किसी सदस्य देश पर हमले की स्थिति में उसकी रक्षा के लिए तत्काल आगे आने से रोका जा सके या कम से कम उनकी इच्छाशक्ति कमजोर की जा सके।
टस्क ने कहा, ‘‘इस बात का वास्तव में खतरा है कि ड्रोन या अन्य तरह के प्रक्षेपास्त्र पूर्वी छोर के एक या कई देशों के क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं और नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आधिकारिक तौर पर यही कहा जाएगा कि यह एक दुर्घटना थी और नाटो के पास जवाबी कार्रवाई पर विचार करने का कोई कारण नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि रूस इसलिए और अधिक खतरनाक हो गया है क्योंकि वह जेट इंजन से संचालित ड्रोन का इस्तेमाल लगातार बढ़ा रहा है। ये ड्रोन अधिक ऊंचाई और तेज गति से उड़ते हैं, इसलिए वायु रक्षा प्रणालियों के लिए उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले उनका पता लगाना अधिक मुश्किल होता है। टस्क ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से चेतावनी देते रहे हैं कि रूस नाटो के किसी देश के खिलाफ अधिक गंभीर ‘हाइब्रिड’ हमले की संभवत: तैयारी कर रहा है तथा नाटो, यूक्रेन एवं अमेरिका की खुफिया एजेंसियों से मिली सूचनाओं के आधार पर उनकी चेतावनियां अब अधिक स्पष्ट होती जा रही हैं।
