भारतीय महिला ‘ए’ टीम की बल्लेबाजों को बृहस्पतिवार को तीसरे अनौपचारिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आखिरी ओवरों में लड़खड़ाने का खामियाजा भुगतना पड़ा जिससे ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ ने सात रन की जीत से तीन मैच की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज वृंदा दिनेश ने 69 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम एक समय तीन विकेट पर 127 रन के स्कोर से 160 रन पर ऑलआउट हो गई। यह मेहमान टीम के खिलाफ भारत की लगातार तीसरी हार है।
दोनों टीमें अब तीन मैच की अनौपचारिक वनडे सीरीज के लिए मोहाली जाएंगी। इसके बाद धर्मशाला में एकमात्र अनौपचारिक टेस्ट खेला जाएगा। तीन मैच में यह भारत का बल्लेबाजी में सबसे अच्छा प्रयास था, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। इससे पहले कर्टनी वेब (52) और अनिका लियरॉयड (61) के अर्धशतकों तथा दोनों के बीच 100 रन की साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 168 रन बनाए। भारत की ओर से सयाली सतघरे और वैष्णवी शर्मा ने दो दो विकेट लिए, लेकिन भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकीं।
वेब और लियरॉयड ने 42 रन पर दो विकेट गिरने के बाद पारी को संभाला। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को वृंदा और तेजल हसबनिस ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े।
दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया और नियमित अंतराल पर चौके लगाए। वृंदा ने 41 गेंदों में पांच छक्कों और पांच चौकों की मदद से 69 रन बनाए, जबकि हसबनिस ने 24 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 42 रन बनाए। पर नौवें ओवर में सियाना जिंजर ने हसबनिस को आउट कर इस भागीदारी का अंत किया, जिसके बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई।
कप्तान अनुष्का शर्मा (11) एक बार फिर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहीं। भारत ने लगातार विकेट गंवाए और एक गेंद शेष रहते पूरी टीम 160 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए तायला व्लामिन्क और लिली मिल्स ने तीन तीन विकेट लेकर भारत के बल्लेबाजी क्रम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया।
