नयी दिल्ली, चार सितंबर नेपाल में पिछले सप्ताह आई भीषण बाढ़ के कारण जलविद्युत परियोजना सहित कई स्थानों पर फंसे लोगों को तलाशने में राहत-बचाव दल की मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11 सदस्यीय तकनीकी टीम को भेजा गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक कमांडर के नेतृत्व में एनडीआरएफ की यह 11 सदस्यीय टीम उस राहत दल का हिस्सा है, जिसे भारत ने 26 अगस्त को आई आपदा के बाद पड़ोसी देश भेजा है।
अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम रोप रेस्क्यू तकनीकों (रस्सी आधारित बचाव कौशल) में विशेषज्ञता प्रदान कर और कीचड़ एवं मलबे से भरी सुरंगों के भीतर लोगों की तलाश करके स्थानीय दलों की सहायता कर रही है। उन्होंने बताया कि यह टीम वर्तमान में रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी पर निर्मित चिलिमे जलविद्युत संयंत्र में तैनात है। नेपाल के अधिकारियों के अनुसार, अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 1,295 हो गई है।
