अमेरिका के खिलाड़ियों ने सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपना दबदबा बरकरार रखा है और उसके चार खिलाड़ी पुरुष और महिला वर्ग के एकल के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं। अमेरिका के जिन खिलाड़ियों ने अंतिम चार में जगह सुरक्षित की है उनमें पुरुष वर्ग में फ्रांसिस टियाफो और ब्रैंडन नाकाशीमा तथा महिला वर्ग में कोको गॉफ और जेसिका पेगुला शामिल हैं। गॉफ ने कहा, ‘‘यह अविश्वसनीय है, मुझे लगता है कि हम सभी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
हम निश्चित रूप से एक-दूसरे का समर्थन करते हैं।’’
टियाफो ने इटली लोरेंजो मुसेटी को 7-6 (2), 7-5 से और नाकाशीमा ने हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज को 7-6, 4-6, 6-3 से हराया। अंतिम चार में यह दोनों खिलाड़ी आमने-सामने होंगे। यह 2010 के बाद पहला अवसर है जबकि अमेरिका के दो खिलाड़ी पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
पुरुष एकल के दूसरे सेमीफाइनल में इटली के फ्लेवियो कोबोली का मुकाबला फ्रांस के आर्थर फिल्स से होगा। गॉफ ने यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक को 6-2, 6-2 से हराया। उनका अगला मुकाबला चेक गणराज्य की 20 वर्षीय खिलाड़ी सारा बेजलेक से होगा।
बेजलेक ने 2019 की चैंपियन मैडिसन कीज़ को 3-6, 6-4, 7-6 (5) से हराया। पेगुला दूसरे सेमीफाइनल में इगा स्वियातेक का सामना करेंगी।
