सीमा हाकू काचरू
ह्यूस्टन (अमेरिका), 18 अगस्त उत्तर टेक्सास में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीत और लेजर शो के साथ मनाया। इस अवसर पर फ्रिस्को में भारत के महावाणिज्यदूत डी. सी. मंजूनाथ भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम शनिवार को फ्रिस्को स्थित कोमेरिका सेंटर में आयोजित 49वें वार्षिक आनंद बाजार के साथ हुआ।
आनंद बाजार, इंडिया एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ टेक्सास द्वारा आयोजित एक प्रमुख सांस्कृतिक और खान-पान उत्सव है। ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “महावाणिज्यदूत ने सभा को संबोधित किया और भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में भारतीय प्रवासी समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।”
मंजूनाथ इससे पहले ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व कर चुके हैं।
उत्तर टेक्सास में आयोजित इस समारोह में फ्रिस्को के मेयर मार्क हिल, नगर परिषद के सदस्य, स्थानीय निर्वाचित प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक तथा क्षेत्र के विभिन्न भारतीय-अमेरिकी संगठनों के नेता शामिल हुए। समारोह में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन, शास्त्रीय संगीत प्रस्तुतियां और ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। तिरंगे से की गई सजावट, पारंपरिक नृत्य, पूर्व सैनिकों के सम्मान में एक इनडोर परेड और भव्य लेजर शो ने उत्सव के माहौल को और जीवंत बना दिया।
पश्चिमी तट पर सैन फ्रांसिस्को से लेकर पूर्वी तट पर न्यूयॉर्क तक, पूरे अमेरिका में भारत का स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया।
