फुजियामा पावर सिस्टम्स का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 14.5 प्रतिशत घटकर 57.8 करोड़ रुपये रह गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 67.6 करोड़ रुपये था।
फुजियामा पावर सिस्टम्स ने शुक्रवार को बयान में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय बढ़कर 1,345.7 करोड़ रुपये हो गई जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 597.3 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सामान्यीकृत शुद्ध लाभ 165.2 करोड़ रुपये रहा।
इसमें 107.4 करोड़ रुपये के असाधारण मद (शुद्ध कर) को शामिल नहीं किया गया है।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी ने मध्य प्रदेश के रतलाम में इस महीने की शुरुआत में दो गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1000 मेगावाट) क्षमता का पावर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण संयंत्र शुरू किया था।
कंपनी के चेयरमैन एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक पवन कुमार गर्ग ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही फुजियामा के लिए सकारात्मक शुरुआत रही।
इस दौरान कारोबार का आकार बढ़ा, वितरण नेटवर्क का लगातार विस्तार हुआ और कंपनी की विभिन्न विनिर्माण पहलों में प्रगति हुई।
गर्ग ने साथ ही बताया कि कंपनी रतलाम में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश से 1,200 मेगावाट क्षमता का सौर सेल विनिर्माण संयंत्र भी स्थापित कर रही है।
फुजियामा पावर सिस्टम्स लिमिटेड भारत में ‘रूफटॉप’ सौर समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है। कंपनी सौर पैनल, सौर इन्वर्टर, लिथियम-आयन और ट्यूबलर बैटरियों सहित उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला पेश करती है।
