कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 35.99 अंक टूटकर 78,097.31 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 31.15 अंक फिसलकर 24,444.55 अंक पर रहा। बाद में सेंसेक्स 211.37 अंक टूटकर 77,953.66 अंक पर और निफ्टी 65.10 अंक की गिरावट के साथ 24,411.15 अंक पर कारोबार करने लगा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर बढ़त में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.59 प्रतिशत चढ़ा।
जापान का निक्की-225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट भी बढ़त में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.24 प्रतिशत चढ़कर 89.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 258.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 388.19 अंक और निफ्टी 112.10 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
