देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड निवेश मंच ग्रो ने अपनी नई सेवा 'एमएफ प्राइम' पेश की है। इसके साथ ही कंपनी ने उन सभी चिंताओं को दूर किया है जिनमें कहा जा रहा था कि मंच उपयोगकर्ताओं को प्रत्यक्ष योजनाओं से हटा रहा है। ग्रो ने स्पष्ट किया है कि खुद से निवेश करने वाले निवेशकों के लिए प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड निवेश की सुविधा पहले की तरह ही मुफ्त बनी रहेगी।
कंपनी के अनुसार, 'एमएफ प्राइम' सेवा को उन निवेशकों के लिए तैयार किया गया है जो अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो के चयन, समीक्षा और संतुलन (रीबैलेंसिंग) में मार्गदर्शन चाहते हैं। वहीं, जो निवेशक अपने फैसलों से खुद निवेश करना चाहते हैं, वे बिना किसी बदलाव के प्रत्यक्ष योजनाओं में अपना निवेश जारी रख सकते हैं।
ग्रो ने बताया कि उसने जनवरी में सीमित संख्या में उपयोगकर्ताओं के साथ इस सेवा का परीक्षण शुरू किया था और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब इसे बड़े स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जो ग्राहक 'एमएफ प्राइम' सुविधा का विकल्प चुनेंगे, उनके भविष्य के म्यूचुअल फंड निवेश नियमित योजनाओं के माध्यम से किए जाएंगे। हालांकि, उनके पहले से किए गए निवेश प्रत्यक्ष योजनाओं में ही बने रहेंगे और उपयोगकर्ता ऐप की सेटिंग के माध्यम से दोबारा प्रत्यक्ष योजनाओं में वापस जा सकते हैं।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर स्थिति स्पष्ट करते हुए ग्रो ने लिखा कि यदि आप आज ग्रो पर खुद से निवेश करने वाले (डीआईवाई) ग्राहक हैं, तो आपके लिए कुछ भी नहीं बदलेगा। न योजनाओं में, न शुल्क में और न ही आपके अनुभव में। कंपनी ने आगे कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि ग्रो ने म्यूचुअल फंड निवेश को लेकर अपना रुख बदल दिया है।
इस नई सेवा में कंपनी की आंतरिक शोध टीम की सिफारिशों को एक आधुनिक तकनीकी प्रणाली के साथ जोड़ा गया है। यह प्रणाली म्यूचुअल फंड योजनाओं के प्रदर्शन, जोखिम और निवेशक के लिए उनकी उपयोगिता के आधार पर उनका मूल्यांकन करती है। इसके तहत निवेशकों को उनके वित्तीय लक्ष्यों, जोखिम लेने की क्षमता और निवेश की अवधि के आधार पर म्यूचुअल फंड खरीदने, बने रहने, बाहर निकलने या पोर्टफोलियो में बदलाव करने की सलाह दी जाएगी।
ग्रो ने कहा कि यह सुविधा केवल उन निवेशकों की मांग को देखते हुए शुरू की गई है जो निवेश संबंधी मार्गदर्शन चाहते हैं। खुद से निवेश करने वाले ग्राहकों के लिए प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। वर्तमान में कंपनी के मंच पर एक करोड़ से अधिक म्यूचुअल फंड निवेशक हैं और प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड योजनाओं में उसका प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 1.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।
