रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 10 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर आ गया। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि नया विदेशी निवेश आने पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये को बहुत अधिक मजबूत होने देने के बजाय अपने विदेशी मुद्रा भंडार को फिर से बढ़ाने का प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की प्रगति को लेकर अनिश्चितता बनी रहने से बाजार में भू-राजनीतिक जोखिम कायम है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.25 प्रति डॉलर पर खुला। फिर डॉलर के मुकाबले 95.28 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को 17 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.18 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.95 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 281.40 अंक चढ़कर 78,051.03 अंक जबकि निफ्टी 74.60 अंक की बढ़त के साथ 24,347.05 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,355.33 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
