अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा को सोमवार को सुरक्षा कारणों से कोलकाता के लेक टाउन इलाके से हटा दिया गया है। हाल ही में आए तूफानों की वजह से इस भारी-भरकम प्रतिमा का ढांचा काफी कमजोर और अस्थिर हो गया था, जिससे इसके गिरने का खतरा बना हुआ था।
क्रेन की मदद से सुरक्षित स्थान पर भेजी गई
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिमा को बिना किसी नुकसान के उसके चबूतरे से बेहद सुरक्षित तरीके से अलग किया गया। इसके बाद एक ‘हाइड्रोलिक क्रेन’ की मदद से इसे ट्रक पर लोड किया गया। फिलहाल इस प्रतिमा को पीडब्ल्यूडी की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है। इसे दोबारा कहां लगाया जाएगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन चर्चा है कि सरकार इसे रवींद्र सरोवर या इको पार्क में स्थापित कर सकती है।
स्थानीय लोगों ने जताई थी आशंका
इस प्रतिमा को लेकर चिंता तब शुरू हुई जब पिछले दिनों आए तूफान के दौरान स्थानीय लोगों ने देखा कि यह प्रतिमा हिल रही है। इसकी सूचना तुरंत लेक टाउन थाने को दी गई। पुलिस और पीडब्ल्यूडी की टीम ने जब मौके पर जाकर जांच की, तो ठेकेदार ने बताया कि प्रतिमा के बुनियादी जोड़ (बेस जॉइंट) में खराबी आ गई है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि ढांचा खतरनाक स्थिति में है और कभी भी गिर सकता है, जिसके बाद इसे हटाने का फैसला लिया गया।
पिछले साल हुआ था अनावरण
इस विशाल प्रतिमा का अनावरण पिछले साल दिसंबर में खुद दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की कोलकाता यात्रा के दौरान किया गया था। इस पूरी परियोजना का नेतृत्व राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बोस ने किया था। गौरतलब है कि सुजीत बोस को हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने नगरपालिका भर्ती घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया है।