आजकल शादियों का सीजन आते ही दूल्हा-दुल्हन के बीच फिट दिखने की एक अलग ही होड़ मच जाती है। खुद को स्लिम दिखाने के चक्कर में कई लोग अब डाइट और एक्सरसाइज के बजाय शॉर्टकट रास्ता चुन रहे हैं। वे वजन घटाने वाले इंजेक्शन, जैसे सेमाग्लूटाइड और टिर्जेपेटाइड का सहारा ले रहे हैं। असल में ये दवाएं टाइप 2 डायबिटीज और मोटापे जैसी गंभीर बीमारियों के लिए बनाई गई हैं, लेकिन लोग इसे कॉस्मेटिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने लगे हैं।
इंजेक्शन से वजन घटाने का नया ट्रेंड
डॉक्टरों का कहना है कि उनके पास आने वाले हर 5 में से 1 मरीज ऐसी होने वाली दुल्हनें हैं, जो जल्द से जल्द वजन कम करना चाहती हैं। भारत में वजन घटाने वाली ये दवाएं ओजेम्पिक (Ozempic) और वेगॉवी (Wegovy) जैसे नामों से मिलती हैं। ये शरीर के नेचुरल हार्मोन की नकल करती हैं, जिससे भूख कम लगती है और पेट भरा-भरा महसूस होता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि ये दवाएं सिर्फ मेडिकल जरूरत के लिए हैं, न कि शादी में सुंदर दिखने के लिए।
इसे भी पढ़ें: Pica Eating Disorder Causes: चॉक-मिट्टी खाने की आदत है Iron Deficiency का संकेत, एक्सपर्ट ने बताई वजह
सेहत के लिए बढ़ सकता है खतरा
अगर आप बिना किसी बड़ी बीमारी के सिर्फ पतला होने के लिए ये इंजेक्शन लेते हैं, तो इसके फायदे से ज्यादा नुकसान हो सकते हैं। इसे लेने से जी मिचलाना, उल्टी, दस्त और बहुत ज्यादा थकान जैसी समस्याएं आम हैं। इतना ही नहीं, अगर सही पोषण न मिले तो शरीर में पानी की कमी और मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं। कुछ गंभीर मामलों में तो ये किडनी और पाचन तंत्र पर भी बुरा असर डाल सकती हैं।
चेहरे पर पड़ सकता है बुरा असर
तेजी से वजन घटाने का असर आपकी खूबसूरती पर उल्टा भी पड़ सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, अचानक वजन कम होने से चेहरे की त्वचा लटक सकती है, जिसे ‘ओजेम्पिक फेस’ कहा जाता है। साथ ही, आपके बाल भी तेजी से झड़ सकते हैं। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि दवा छोड़ते ही वजन दोबारा बढ़ जाता है, इसलिए शादी के लिए यह कोई पक्का समाधान नहीं है।
इसे भी पढ़ें: Common Cause Of Weight Loss: आपका भी घट रहा है Weight, इन 5 Serious Symptoms को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
सही और सुरक्षित तरीका क्या है?
डॉक्टरों की सलाह यही है कि खूबसूरती के लिए शॉर्टकट न अपनाएं। अगर आप वाकई फिट दिखना चाहते हैं, तो एक अच्छा डाइट प्लान, रोजाना एक्सरसाइज और भरपूर नींद ही सबसे बेहतर विकल्प है। इससे आपकी स्किन भी ग्लो करेगी और शरीर में कमजोरी भी नहीं आएगी। याद रखिए, ये इंजेक्शन तभी सही हैं जब कोई डॉक्टर आपकी सेहत को देखकर इन्हें जरूरी समझे।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
