बांग्लादेश और पाकिस्तान ने आवश्यक वस्तुओं और कृषि उत्पादों के सरकारी स्तर पर व्यापार को सुगम बनाने के लिए रविवार को पांच साल के एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना और आयात के स्रोतों में विविधता लाना है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के अनुसार, इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर ढाका में आयोजित एक समारोह में बांग्लादेश ट्रेडिंग कॉरपोरेशन (टीसीबी) और पाकिस्तान ट्रेडिंग कॉरपोरेशन (टीसीपी) के बीच हस्ताक्षर किए गए।
बीएसएस ने बताया कि इस समझौते के तहत दोनों देशों की जरूरतों और आपसी सहमति के आधार पर चावल, गेहूं, चीनी, खाद्य तेल, दालों, कृषि उत्पादों और कृषि संबंधी इनपुट के संभावित व्यापार को शामिल किया गया है। समझौते के तहत किसी भी पक्ष के लिए किसी विशेष उत्पाद का आयात या निर्यात करना अनिवार्य नहीं होगा। इसमें कहा गया है कि प्रत्येक व्यापारिक लेनदेन के लिए अलग से बातचीत की जाएगी और संबंधित समझौतों में कीमत, मात्रा, गुणवत्ता के मानक तथा आपूर्ति का समय निर्धारित किया जाएगा।
यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संपर्कों में आई नयी तेजी के बीच हुआ है। बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद 23 नवंबर से शुरू हुई पाकिस्तान की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा के बाद रविवार को ढाका लौटे। ‘द डेली स्टार’ अखबार के अनुसार, इस यात्रा के दौरान अहमद ने कहा था कि बांग्लादेश और पाकिस्तान ने ‘‘अतीत को भुलाकर भविष्य की ओर देखने’’ का फैसला किया है।
रविवार को हुए समझौता ज्ञापन पर बांग्लादेश की ओर से टीसीबी के अध्यक्ष मोहम्मद फैसल आजाद और पाकिस्तान की ओर से बांग्लादेश में उच्चायुक्त इमरान हैदर ने हस्ताक्षर किए। ‘द डेली स्टार’ की खबर के अनुसार, हैदर ने कहा कि पाकिस्तान के पास बासमती चावल, प्याज, आलू और मसालों सहित कई कृषि उत्पादों का अतिरिक्त भंडार है और वह बांग्लादेश की जरूरतों के अनुसार इनकी आपूर्ति करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश से आयात किए जाने वाले हाइड्रोजन पेरॉक्साइड पर लगाए गए एंटी-डंपिंग शुल्क (अनुचित रूप से कम कीमत पर आयात रोकने के लिए लगाया जाने वाला अतिरिक्त शुल्क) भी हटा दिए हैं। यह समझौता पांच साल तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद यह अपने आप अगले पांच साल के लिए नवीनीकृत हो जाएगा, बशर्ते दोनों में से कोई भी देश इसे आगे जारी न रखने का फैसला न करे।
‘द डेली स्टार’ के अनुसार, बांग्लादेश के वाणिज्य सचिव शरफ उद्दीन अहमद चौधरी ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन से दोनों देशों के सरकारी स्वामित्व वाले व्यापारिक संगठनों के बीच सीधे और व्यवस्थित वाणिज्यिक संबंध स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के आर्थिक हितों की रक्षा होगी और आवश्यक वस्तुओं तथा कृषि उत्पादों के आयात-निर्यात में सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे।
