लोकसभा में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के 22 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के आठ सांसदों सहित कुल 97 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था में फेरबदल किया गया है, जबकि शेष बदलाव इसके परिणामस्वरूप किए गए हैं। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का यह निर्णय महिला आरक्षण संबंधी विधेयक और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर सोमवार से सदन में शुरू होने वाली चर्चा से पहले आया है।
जहां द्रमुक ने महिला आरक्षण संबंधी विधेयक को अपना समर्थन दिया है, वहीं शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट ने अभी तक इस मुद्दे पर अपना औपचारिक रुख स्पष्ट नहीं किया है। हालांकि, राकांपा (शप) के प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड ने कहा है कि यदि सीट में एकसमान 50 प्रतिशत की वृद्धि की गारंटी दी जाती है, तो उनकी पार्टी इस प्रस्ताव का समर्थन करेगी। मई में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस से नाता तोड़ने के बाद द्रमुक ने उससे अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी।
राकांपा (शप) के आठ सांसदों को भी बदली हुई सीट आवंटित की गई हैं, और इस पुनर्व्यवस्था के कारण अन्य सदस्यों के बैठने के स्थान में भी परिवर्तन करना आवश्यक हो गया। सूत्रों ने बताया कि नयी व्यवस्था के तहत राकांपा (शप) की सुप्रिया सुले अब द्रमुक की कनिमोई, दयानिधि मारन और ए. राजा के साथ बैठेंगी। इस फेरबदल का असर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और शिवसेना (उबाठा) के सांसदों पर भी पड़ेगा, जो इन संविधान संशोधनों का विरोध कर रहे हैं।
मई में, जब कांग्रेस ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ हाथ मिलाया और सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नयी तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बन गई, तो द्रमुक ने कांग्रेस से अपने रिश्ते तोड़ लिए।
