न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी का मानना है कि लगातार सफेद गेंद का क्रिकेट (वनडे और टी20) खेलने से उनकी गेंदबाजी की लय और एक्शन प्रभावित हुआ जिसके कारण उन्हें भारत के खिलाफ वेलिंगटन में हुए पहले टेस्ट में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम ने 720 रन बनाए थे और डफी ने 201 रन दिए थे। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार खेलने के कारण उन्हें अपनी गेंदबाजी तकनीक से जुड़ी कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने एक्शन को सुधारने के लिए समय देना पड़ा।
डफी ने शनिवार को यहां दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘‘पिछला सप्ताह निश्चित रूप से मेरी योजना के मुताबिक नहीं रहा। मैं अपनी लय और तकनीक को लेकर थोड़ी परेशानी में था। लगातार सफेद गेंद का क्रिकेट खेलने का मेरी गेंदबाजी के एक्शन पर शायद अच्छा असर नहीं पड़ा।
’’
ऋषभ पंत और केएल राहुल के विकेट लेने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच मैंने अपनी तकनीक से जुड़ी कुछ चीजों पर काफी समय बिताया और उन्हें सुधारने की कोशिश की। ’’
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने बताया कि अलग-अलग प्रारूपों के बीच तालमेल बिठाने की जरूरत से उनका गेंदबाजी एक्शन विशेष रूप से प्रभावित होता है। सफेद गेंद के क्रिकेट में यॉर्कर और धीमी गेंदों पर अधिक ध्यान देने के कारण कई बार वह अपनी बुनियादी गेंदबाजी तकनीक से दूर हो जाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी गेंदबाजी काफी हद तक एक्शन पर निर्भर करती है। अच्छे नतीजे हासिल करने के लिए मेरा एक्शन सही होना जरूरी है और इसलिए मैं इस पर हमेशा ध्यान देता हूं। ’’
डफी ने कहा, ‘‘लगातार सफेद गेंद का क्रिकेट खेलने से मेरा एक्शन थोड़ा बिगड़ जाता है।
मैं गेंद पर अपनी कलाई का उतना इस्तेमाल नहीं कर पाता, जितना करना चाहता हूं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अब इसमें थोड़ा सुधार हो रहा है, लेकिन मुझे अपनी बुनियादी तकनीक पर लगातार काम करना होगा। सफेद गेंद के क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम में भी ऐसा करना जरूरी है, जब आप यॉर्कर और धीमी गेंदों पर काम कर रहे होते हैं।
’’
डफी ने माना कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के कारण तेज गेंदबाजों को अपनी तकनीक में सुधार के लिए पर्याप्त समय निकालना मुश्किल होता है, जबकि बल्लेबाज नेट पर लंबे समय तक अभ्यास कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह संतुलन बनाने जैसा है। हम वेस्टइंडीज से स्वदेश लौटे थे और इसके बाद हमने लाल गेंद से काफी अभ्यास किया, जो लगभग सत्र पूर्व की तैयारी जैसा था।
हम एक सप्ताह के लिए एडिलेड गए और फिर अपनी-अपनी घरेलू टीमों के साथ लाल गेंद से अभ्यास किया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘विडंबना यह है कि इसके बाद टेस्ट मैच से पहले आपको सफेद गेंद के 10 मुकाबले खेलने पड़ते हैं। गेंदबाजी एक्शन और तकनीक ऐसी चीजें हैं, जिन पर आपको लगातार ध्यान देना पड़ता है।
’’
हालांकि डफी यहां दूसरे टेस्ट में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट थे। उन्होंने शुरुआत में ही भारत को झटके दिए और आक्रामक बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड को परेशान करने वाले पंत को भी आउट किया। डफी ने कहा, ‘‘जब ऋषभ पंत आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश करते हैं तो आपको घबराना नहीं चाहिए।
कभी उनका प्रयास सफल होगा और कभी नहीं। हमारे लिए जरूरी है कि हम अपनी सही लेंथ से गेंदबाजी करने से न भटकें। कई बार जब बल्लेबाज ऐसा करते हैं तो गेंदबाज प्रतिक्रिया में अपनी लेंथ बदल देता है, जबकि बल्लेबाज यही चाहता है।
आपको इससे परेशान नहीं होना चाहिए। आपको ऑफ स्टंप के ऊपर गेंद डालते रहना होगा। छोटी गेंद का इस्तेमाल भी अहम है, चाहे सामने ऋषभ हों या कोई दूसरा बल्लेबाज।
’’
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस टेस्ट में उन्हें कुछ विकेट किस्मत के सहारे मिले जिनमें पंत का विकेट भी शामिल था। उन्होंने कहा, ‘‘केएल का विकेट मेरी सर्वश्रेष्ठ गेंद पर गेंद पर नहीं मिला और ऋषभ ने भी एक गेंद हवा में खेल दी, जिससे मुझे मैच में थोड़ी और पकड़ बनाने में मदद मिली।
