परिसीमन से जुड़े नए विधेयक केवल लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए देश के राजनीतिक ढांचे में बड़े बदलाव की जमीन तैयार की जा रही है। प्रस्तावित बदलाव लागू होते हैं तो संसद से लेकर राज्यों की विधानसभाओं तक जनप्रतिनिधियों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा होगा। इसका सीधा असर चुनावी क्षेत्रों, राजनीतिक दलों की रणनीति और सत्ता के समीकरणों पर पड़ेगा।
इस पूरी कवायद का सबसे बड़ा राजनीतिक पहलू यह है कि सरकार ने इस बार राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के अनुपात को बदलने के बजाय सभी राज्यों को समान अनुपात में सीटें बढ़ाने का रास्ता चुना है। यानी जिस राज्य के पास आज लोकसभा की कुल सीटों में जितनी हिस्सेदारी है, परिसीमन के बाद भी उसका अनुपात बरकरार रहेगा। इस प्रावधान के जरिए दक्षिण और उत्तर भारत के बीच प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की गई है।
हम आपको बता दें कि प्रस्तावित संविधान के 132वें संशोधन विधेयक के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश में लोकसभा की सीटें मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है। यही व्यवस्था राज्य विधानसभाओं पर भी लागू होगी। वर्तमान में लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। नए ढांचे में इनकी संख्या बढ़कर लगभग 816 से 824 तक पहुंच सकती है। इससे देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संस्था में प्रतिनिधियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। राज्यों की विधानसभाओं में भी विधायकों की संख्या बढ़ेगी।
साथ ही परिसीमन की पूरी बहस में सबसे संवेदनशील मुद्दा उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का रहा है। देखा जाये तो दक्षिण भारत के राज्यों की चिंता रही है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें लोकसभा में सीटों के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। नए प्रस्ताव में प्रत्येक राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी को 2051 तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है। यानी सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात नहीं बदलेगा।
साथ ही, प्रत्येक राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तय होंगी। फिलहाल यदि कानून लागू होने के समय 2011 की जनगणना ही नवीनतम प्रकाशित आंकड़ा रहती है, तो उसी को आधार बनाया जा सकता है। नई व्यवस्था के तहत सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक स्थिर रहेंगी।
इसके अलावा, इस पूरी कवायद का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक पक्ष महिला आरक्षण है। संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का रास्ता जल्द खोलने का प्रस्ताव है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा।
हम आपको याद दिला दें कि 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण को जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। नई व्यवस्था उस प्रक्रिया को आगे लाकर आरक्षण के क्रियान्वयन में तेजी लाने का प्रयास करती है। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा में लगभग 270 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। आरक्षित सीटों का आवंटन और रोटेशन परिसीमन आयोग तय करेगा। आरक्षण की अवधि 15 वर्ष होगी, जिसे संसद कानून बनाकर आगे बढ़ा सकती है।
इसके अलावा, नई व्यवस्था के तहत कानून लागू होने के बाद केंद्र सरकार को जल्द परिसीमन आयोग गठित करना होगा। आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त अथवा उनके द्वारा नामित निर्वाचन आयुक्त इसके सदस्य होंगे। संबंधित राज्य का राज्य निर्वाचन आयुक्त भी आयोग का हिस्सा होगा।
आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित करेगा, अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का निर्धारण करेगा और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें तय करेगा। राज्यों में सांसदों और विधायकों को सहयोगी सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। आयोग प्रस्तावों का मसौदा सार्वजनिक करेगा और राज्यों में जनसुनवाई भी आयोजित करेगा। अंतिम आदेश प्रकाशित होने के बाद उन्हें अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी।
इसके अलावा, नए विधेयकों में संसद और विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 निर्वाचित सदस्यों तक होगी, जिनमें राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। वहीं राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
इसका सबसे बड़ा उदाहरण उत्तर प्रदेश हो सकता है। वर्तमान में 403 विधानसभा सीटों वाला उत्तर प्रदेश परिसीमन के बाद लगभग 605 विधायकों वाली विधानसभा वाला राज्य बन सकता है। इसी तरह पश्चिम बंगाल की 294 सीटें बढ़कर 441 और महाराष्ट्र की 288 सीटें बढ़कर 432 हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या भी 80 से बढ़कर 120 होने का अनुमान है।
बहरहाल, इन विधेयकों को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है और 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन्हें पेश किया जाना है। इससे पहले अप्रैल में लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था और 17 अप्रैल को गिर गया था।
इस बार सरकार ने 50 प्रतिशत सीटों की समान वृद्धि और राज्यों के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने का प्रावधान जोड़कर नया राजनीतिक रास्ता तैयार किया है। लेकिन असली परीक्षा संसद में होगी, जहां संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है।
कुल मिलाकर देखें तो यह केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने या सांसदों-विधायकों की संख्या बढ़ाने की कवायद नहीं है। यह देश के संसदीय ढांचे, महिला राजनीतिक भागीदारी और आने वाले दशकों के चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने वाला बड़ा संवैधानिक बदलाव साबित हो सकता है। अब निगाहें संसद पर हैं, जहां इस प्रस्ताव पर होने वाला फैसला भारतीय राजनीति की अगली दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
