द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता और राज्यसभा सदस्य पी. विल्सन ने कहा है कि व्यापक जाति जनगणना सामाजिक न्याय हासिल करने और सभी वर्गों का समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का आधार है। ‘ऑल इंडिया फेडरेशन फॉर सोशल जस्टिस’ (एआईएफएसजे) के संयोजक विल्सन ने कहा कि जिन समुदायों की गणना नहीं की जाती, उन्हें शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और नीति निर्माण में उचित हिस्सा नहीं मिल सकता। द्रमुक नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को यहां ‘हमें सशक्त बनाने के लिए हमारी गणना करें’ विषय पर जाति जनगणना को लेकर आयोजित एक संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए विल्सन ने जनगणना 2027 में जातियों की गणना को शामिल किए जाने का स्वागत किया।
उन्होंने पारदर्शिता, व्यापक आंकड़ों के संग्रह और निष्कर्षों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रकाशित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्यसभा सदस्य ने जाति जनगणना की मांग को आगे बढ़ाने में द्रविड़ आंदोलन के अग्रणी योगदान और द्रमुक प्रमुख एवं तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के निरंतर प्रयासों को याद किया। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के सभी संगठनों और अन्य वंचित समुदायों से एकजुट होने और इस संघर्ष को देश के हर हिस्से तक ले जाने का आह्वान किया।
इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगोष्ठी में प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों के ओबीसी संगठनों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने और व्यापक जाति जनगणना की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के महत्व पर चर्चा की।
