भारत में पैकेट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर अब नमक, चीनी और वसा की अधिक मात्रा को लेकर अलग-अलग चेतावनी देना जरूरी हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी लगाने के प्रस्ताव में बदलाव करते हुए सरकार को इसे और सख्त बनाने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि केवल एक साझा चेतावनी लगाने के बजाय नमक, चीनी और वसा की अधिक मात्रा के लिए अलग-अलग चेतावनी होनी चाहिए। इस फैसले को देश में खाद्य सुरक्षा और लोगों की सेहत के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यह मामला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया। याचिकाकर्ताओं ने सरकार के उस प्रस्ताव पर सवाल उठाए थे, जिसमें खाद्य पदार्थों में मौजूद नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों की जानकारी देने के लिए एक ही चेतावनी का प्रावधान किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस व्यवस्था को पर्याप्त नहीं माना। अदालत ने निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने षटकोण के आकार में 3 अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाए जाएं। इनमें नमक, चीनी और वसा की अधिक मात्रा को अलग-अलग दिखाया जाए।
न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला ने कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण को हर ऐसे पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी सुनिश्चित करनी होगी, जिसकी अधिक मात्रा से स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। अदालत ने यह भी साफ किया कि केवल एक साझा चिह्न लगाकर तीनों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बहुराष्ट्रीय खाद्य कंपनियों के रवैये पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि कुछ वैश्विक कंपनियां भारत में खाद्य पदार्थों पर चेतावनी वाले चिह्न लगाने का विरोध करती हैं, जबकि दूसरे देशों में इसी तरह की व्यवस्था अपनाती हैं। न्यायालय ने इसे दोहरे मापदंड बताते हुए कहा कि भारत के उपभोक्ताओं को भी अमेरिका और ब्रिटेन के लोगों के बराबर सुरक्षा और जानकारी पाने का अधिकार है। अदालत ने यह चिंता भी जताई कि अलग-अलग देशों में एक ही उत्पाद की सामग्री और गुणवत्ता में अंतर हो सकता है।
गौरतलब है कि भारत में खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लगाने को लेकर लंबे समय से बहस चल रही है। सरकार ने पहले अपेक्षाकृत कमजोर व्यवस्था का प्रस्ताव रखा था। इस दौरान कोका-कोला और नेस्ले तथा पेप्सिको से जुड़े उद्योग संगठनों ने ऐसी चेतावनियों की उपयोगिता पर सवाल उठाए थे। वहीं, कई कंपनियां यूरोप के कुछ देशों में अपनी इच्छा से इस तरह के संकेत इस्तेमाल करती हैं।
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन में बिकने वाली फैंटा की एक कैन में 63 कैलोरी होती हैं, जबकि भारत में उसी आकार की कैन में 185 कैलोरी होती हैं। इसमें चीनी की मात्रा भी करीब 3 गुना बताई गई थी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता लंबे समय से ऐसे पेय पदार्थों में अधिक चीनी को लेकर चिंता जताते रहे हैं।
इस फैसले से पेप्सिको, मोंडेलेज़, कोका-कोला, यूनिलीवर और नेस्ले जैसी बड़ी कंपनियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि, फैसले पर कंपनियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। अदालत ने कहा है कि चेतावनी से जुड़े नियमों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद उद्योगों को बदलाव लागू करने के लिए 1 साल का समय मिलेगा।
याचिका दायर करने वाली संस्था 3एस एंड आवर हेल्थ के मुख्य वकील राजीव शंकर द्विवेदी ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे देश के पोषण और स्वास्थ्य के इतिहास में एक अहम कदम बताया। न्यायमूर्ति पारदीवाला ने इसे आम लोगों और देश के हित से जुड़ा मामला बताते हुए आदेश का सख्ती से पालन करने की जरूरत पर जोर दिया है। बता दें कि इस फैसले का उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उनकी वास्तविक पोषण संबंधी जानकारी समझने में मदद करना और सेहत को लेकर बेहतर फैसला लेने का अवसर देना है।
