पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने का प्रस्ताव विधानसभा के चार दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा। अधिकारी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने का प्रस्ताव नौ दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद, राज्य का नाम अंग्रेजी में भी आधिकारिक दस्तावेजों और प्रशासनिक अभिलेखों में ‘पश्चिम बंग’ लिखा जाएगा, जिससे वेस्ट बंगाल के रूप में इसकी लंबे समय से चली आ रही अंग्रेजी पहचान का अंत हो जाएगा। राज्य का नाम बदलने की पहल नयी नहीं है।
वाम मोर्चा के शासनकाल में और बाद में ममता बनर्जी के शासन के दौरान भी विधानसभा से नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित कराने के प्रयास किए गए थे। हालांकि, नयी दिल्ली में इन प्रस्तावों को बार-बार बाधाओं का सामना करना पड़ा। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार, दोनों में से किसी ने भी इन प्रस्तावों पर सहमति नहीं जताई, जिसके परिणामस्वरूप लंबे प्रयासों के बावजूद यह प्रक्रिया अब तक अधूरी रही थी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य और केंद्र, दोनों में एक ही पार्टी के सत्ता में होने से, राज्य सचिवालय नबान्न को इस बार कम बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। उनका मानना है कि डबल इंजन की सरकार होने के चलते दिल्ली से मंजूरी मिलना आसान हो गया है। पश्चिम बंगाल को लंबे समय से प्रशासनिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि राज्य के नाम ‘वेस्ट बंगाल’ का पहला अक्षर डब्ल्यू होने के कारण इसकी बारी अंत में आती है।
दिल्ली में मुख्यमंत्रियों की बैठकों और अन्य अखिल भारतीय प्रशासनिक बैठकों में, राज्यों की वर्णमाला क्रम के कारण बंगाल के प्रतिनिधियों को अक्सर कार्यवाही के अंत में बोलने का अवसर मिलता है। अधिकारियों ने कहा कि नाम बदलने का नवीनतम प्रयास आंशिक रूप से इस मुद्दे को हल करने के उद्देश्य से किया गया है।
