सोचिए, समुद्र के रास्ते एक जहाज आगे बढ़ रहा है। उस पर लदा है 405 टन ऐसा खतरनाक केमिकल, जिससे 100 घातक मिसाइलें तैयार की जा सकती हैं। साथ ही, जहाज पर मौजूद हैं 40 लाख खाली 4G सिम कार्ड। यह जहाज चीन से रवाना हुआ था और इसकी मंजिल थी बांग्लादेश का मोंगला पोर्ट। लेकिन इससे पहले कि यह संदिग्ध खेप अपनी मंजिल तक पहुँचती, इंडोनेशियाई नौसेना ने इसे बीच समुद्र में घेर लिया और जब्त कर लिया। यह सिर्फ एक जहाज की ज़ब्ती नहीं है, बल्कि दक्षिण एशिया की सुरक्षा में एक बड़ा भूचाल है। आखिर बांग्लादेश में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक रसायन और लाखों सिम कार्ड किसके लिए भेजे जा रहे थे? सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इसके निशाने पर भारत खासकर भारत का पूर्वोत्तर इलाका था? मामला इंडोनेशिया के तटीय जल क्षेत्र का है। इंडोनेशियाई समाचार पोर्टल वासपाड़ा आईडी की रिपोर्ट के मुताबिक, कोमोरोस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी स्टार लाइन को करीब दो हफ्ते पहले यानी 7 नवंबर को इंडोनेशियाई नौसेना ने रोका। यह जहाज 12 सितंबर को चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से रवाना हुआ था।
इसे भी पढ़ें: शेख हसीना ने ये क्या कर दिया? बांग्लादेश में अचानक कैसे हुए 85 धमाके
इसका रूट स्ट्रेट ऑफ मलक्का यानी मलक्का जलडमरूमध्य से होकर गुजर रहा था। जब यह जहाज इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा स्थित बेलावान तट के पास ईंधन भरवाने के लिए रुका, तभी इंडोनेशियाई नौसेना को इस पर शक हुआ। तलाशी शुरू हुई तो नौसेना के अधिकारी भी हैरान रह गए। जहाज पर लदे सभी 36 कंटेनरों को तुरंत जब्त कर लिया गया और जहाज को मेदान जिले के बंदरगाह पर खड़ा करवा दिया गया। पिछले 15 दिनों से यह जहाज इंडोनेशियाई सुरक्षा बलों के सख्त पहरे में है। जब इन 36 कंटेनरों की बारीकी से जांच की गई, तो सामने आया कि 15 कंटेनरों में करीब 405 टन सोडियम परक्लोरेट भरा हुआ था। अब सवाल उठता है कि यह सोडियम परक्लोरेट क्या है और इसे लेकर इतनी हलचल क्यों है? सोडियम परक्लोरेट एक बेहद शक्तिशाली ऑक्सीडाइजिंग एजेंट है। सामान्य तौर पर इसका इस्तेमाल कुछ खास औद्योगिक प्रक्रियाओं में होता है, लेकिन इसका मुख्य और सबसे खतरनाक इस्तेमाल रॉकेट प्रोपेलेंट यानी रॉकेट ईंधन और उच्च क्षमता वाले विस्फोटक बनाने में किया जाता है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि 405 टन सोडियम परक्लोरेट की मदद से लगभग 100 लंबी दूरी की मारक मिसाइलें या रॉकेट तैयार किए जा सकते हैं। इतनी बड़ी मात्रा में यह केमिकल किसी सामान्य कमर्शियल इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि सीधे तौर पर भारी सैन्य या सामरिक हथियारों के उत्पादन की ओर इशारा करता है।
इसे भी पढ़ें: Bangladesh के नरैल में Awami League नेताओं के ठिकानों पर हमला, 30 घरों में लगाई आग
कहानी सिर्फ बारूद या मिसाइल तक सीमित नहीं है। इस जहाज की तलाशी में एक और चौंकाने वाली चीज सामने आई करीब 40 लाख खाली 4G LTE सिम कार्ड। एक तरफ 405 टन विस्फोटक केमिकल और दूसरी तरफ लाखों की संख्या में बिना रजिस्टर किए गए सिम कार्ड। यह गठजोड़ अपने आप में कई खतरनाक सवाल खड़े करता है। क्या इन सिम कार्डों का इस्तेमाल किसी समानांतर और सुरक्षित संचार नेटवर्क को खड़ा करने के लिए होना था? दूसरा, क्या इनका मकसद रिमोट कंट्रोल्ड डेटोनेटर या साइबर गतिविधियों को अंजाम देना था, जिन्हें ट्रैक करना लगभग नामुमकिन हो? सबसे अहम सवाल इस शिपमेंट का असली खरीदार कौन था? जांच एजेंसियों के पास अब तक यह साफ जानकारी नहीं है कि बांग्लादेश के मोंगला पोर्ट पर यह खेप किसके नाम पर पहुंचाई जानी थी और इसका अंतिम रिसीवर कौन था। बांग्लादेश में पिछले कुछ समय में हुए राजनीतिक बदलावों के बाद इस तरह की खेप का पकड़ा जाना सीधे तौर पर भारत के सुरक्षा गलियारों में खतरे की घंटी बजाता है। भारत की सीमाएं बांग्लादेश के साथ 4,000 किलोमीटर से अधिक लंबी हैं। मोंगला बंदरगाह भारत के पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के बेहद करीब है। ऐसे में यह सवाल लाजमी है कि क्या चीन बांग्लादेश की जमीन का इस्तेमाल करके भारत की सीमाओं के पास कोई नई हलचल पैदा करने की फिराक में है?
इसे भी पढ़ें: Bangladesh Court ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर अंतरिम रोक लगाने को कहा
पूर्वोत्तर भारत का इलाका सिलीगुड़ी कॉरिडोर यानी चिकन नेक से जुड़ा है, जो रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। अगर 100 मिसाइलें बनाने लायक विस्फोटक और 40 लाख सिम कार्ड किसी गैर-सरकारी तत्व या चरमपंथी गुटों के हाथ लग जाते, तो इसकी आंच पूरे क्षेत्र की स्थिरता को झुलसा सकती थी। खैर, इंडोनेशियाई नौसेना की इस कार्रवाई ने यकीनन एक बहुत बड़ी और संदिग्ध खेप को समय रहते रोक लिया है। फिलहाल इंडोनेशियाई एजेंसियां इस बात की तहकीकात कर रही हैं कि इस शिपमेंट के पीछे असली मालिक कौन है, इसका वित्तीय लेनदेन कहां से हुआ और चीन से बांग्लादेश भेजी जा रही इस खेप के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है? इस पूरे घटनाक्रम पर नई दिल्ली की भी पैनी नजर बनी हुई है, क्योंकि जब बात पड़ोस में बारूद के ढेर की हो, तो सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
