एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और दो बार की मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम ने शनिवार को यहां दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के राउंड रॉबिन चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मेजबान भारत ने बृहस्पतिवार को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से हराया था। भारत के लिए मुमताज खान ने 30वें मिनट में शानदार मैदानी गोल करके खाता खोला।
इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने तीसरे क्वार्टर के शुरू होने के चार मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर से मिले रिबाउंड पर गोल करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दक्षिण कोरिया की यंगयून होंग ने 56वें मिनट में मैदानी गोल करके टीम की हार का अंतर कम किया। अब भारतीय टीम रविवार को थाईलैंड से भिड़ेगी।
भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने लगातार कोरियाई सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन वे अपने प्रयासों को गोल में बदलने में नाकाम रहीं। फिर भारत को जल्द ही लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन नवनीत कौर के दूसरे प्रयास को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया।
नवनीत ने अपनी शानदार रणनीति और खेल से भारत के लिए कई मौके बनाए, लेकिन कोरियाई खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में रक्षापंक्ति में मौजूद रहकर गोल बचाए। भारतीय रक्षापंक्ति के शानदार पास से मैच का पहला गोल हुआ। नवनीत ने दीपिका को गेंद सौंपी जिनके शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया।
लेकिन मुमताज सही समय पर सही जगह मौजूद थीं और उन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाकर मध्यांतर से ठीक पहले भारत को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा और उसने लगातार हमले करके कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। कप्तान सलीमा टेटे ने मध्यांतर के तुरंत बाद भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दीपिका की फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया।
इसके बाद नवनीत के सीधे प्रयास से मिले रिबाउंड पर सुनेलिता ने गेंद को गोल में पहुंचाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इस बीच दक्षिण कोरिया को भी कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम में अनुभवी सविता पूनिया की जगह शामिल की गई गोलकीपर बांसुरी सोलंकी ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोके रखा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा।
