मिडवेस्ट एनर्जी लिमिटेड को केंद्र की 7,280 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना के तहत सालाना 1,200 टन क्षमता वाली दुर्लभ पृथ्वी स्थाई चुंबक विनिर्माण परियोजना स्थापित करने के लिए चुना गया है। यह इलेक्ट्रिक परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण सामग्रियों की घरेलू क्षमता निर्माण के लिए भारत के प्रयासों में एक बड़ा कदम है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि सिंटरित दुर्लभ पृथ्वी स्थाई चुंबक (आरईपीएम) के विनिर्माण को बढ़ावा देने की योजना के तहत सफल बोलीदाता के रूप में उभरने के बाद उसे भारी उद्योग मंत्रालय से आशय पत्र (एलओआई) मिला है।
उसने इस परियोजना के लिए 505.05 रुपये प्रति किलोग्राम की बिक्री प्रोत्साहन दर का उल्लेख किया था। यह आशय पत्र सशर्त है, जिसके तहत मिडवेस्ट एनर्जी को इसके मिलने के 90 दिनों के भीतर 40 करोड़ रुपये की प्रदर्शन सुरक्षा जमा करनी होगी। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि सरकार यह सत्यापित करने के बाद अंतिम आवंटन पत्र जारी करेगी कि क्या उसने योजना और प्रस्ताव के अनुरोध (आरएफपी) के तहत निर्धारित शर्तों को पूरा कर लिया है।
मिडवेस्ट एनर्जी की पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सौम्या कोल्लारेड्डी ने कहा, यह आशय पत्र दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक विनिर्माण में घरेलू क्षमता बनाने के लिए मिडवेस्ट एनर्जी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम स्वदेशी विनिर्माण क्षमताएं विकसित करने और महत्वपूर्ण सामग्रियों के लिए आपूर्ति शृंखला बनाने के भारत के प्रयासों में योगदान देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
