ध्रुव बग्गा ने विश्व के चौथे नंबर के तीरंदाज और ओलंपियन धीरज बोम्मादेवरा को शूटऑफ में 6-5 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का पुरुष रिकर्व खिताब जीता, जबकि अंकिता भगत ने महिला वर्ग में युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोद की स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तेईस वर्षीय बग्गा ने बेहद रोमांचक फाइनल में बोम्मादेवरा को स्कोर 5-5 (29-27, 29-29, 28-30, 27-29, 29-28) से बराबर रहने के बाद शूटऑफ में 10-9 से बाजी मार ली। महिला रिकर्व फाइनल में ओलंपियन अंकिता भगत ने 17 वर्षीय युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोद को 6-4 (28-29, 30-27, 26-26, 28-27, 29-29) से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में दिल्ली के प्रियांश ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता। उन्होंने फाइनल में अखिल भारतीय पुलिस के रजत चौहान को 148-145 से हराया। महिला वर्ग में तेलंगाना की तनीपार्थी चिकिथा ने तमिलनाडु की मधुरवर्षिणी मुरुगानंथन को 147-141 से मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महाराष्ट्र ने पुरुष और महिला दोनों रिकर्व टीम स्पर्धाओं के खिताब जीते। पुरुष वर्ग में पार्थ सालुंखे, सैराज हमाने और साहिल की टीम को सेना के खिलाफ वॉकओवर मिला। महिला वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र की कुमकुम, शर्वरी शेंडे और गाथा खडके की टीम ने हरियाणा को शूटऑफ में 5-4 से हराया।
निर्णायक शूटऑफ में महाराष्ट्र ने 27-25 से बाजी मारी। मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा का स्वर्ण भी महाराष्ट्र के खाते में गया। कुमकुम और पार्थ सालुंखे की जोड़ी ने रेलवे की मृणाल चौहान और रूमा बिस्वास को 6-2 से हराया।
पंजाब ने कंपाउंड टीम स्पर्धाओं में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में दबदबा कायम किया। पुरुष फाइनल में संगमप्रीत सिंह बिसला, उदय कंबोज और गुरनूर सिंह की टीम ने मध्य प्रदेश को 231-225 से हराया। महिला फाइनल में पंजाब की परनीत कौर, जसवीर कौर और अवनीत कौर की टीम ने उत्तर प्रदेश को बेहद करीबी मुकाबले में 230-229 से शिकस्त दी।
दिल्ली की प्रियांश और कुमुद सैनी की कंपाउंड मिश्रित टीम ने फाइनल में उत्तर प्रदेश के अनिल कुमार और निष्ठा गुप्ता को 156-155 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
