मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये की रकम जब्त की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि थाना प्रभारी हत्याकांड में अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं जिनमें से छह लोग एक स्थानीय अदालत के आदेश पर पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया,‘‘मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल की निशानदेही पर करीब 35 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। यह रकम शराब के अवैध कारोबार से कमाई गई थी। ’’
मिश्रा ने बताया कि जांच में हरदा जिले से संचालित अवैध शराब गिरोह के कारोबार की परतें खुल रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह से जुड़े लोगों ने बड़वानी जिले के निवासी पाटेन्द्र जायसवाल के नाम पर हरदा जिले में 40 करोड़ रुपये में शराब के ठेके लिए थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया,‘‘शराब ठेकों में पाटेन्द्र जायसवाल की भागीदारी महज 10 फीसद थी, जबकि राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल 30-30 प्रतिशत के हिस्सेदार थे।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच की कड़ियां जोड़ने के लिए मनीष जायसवाल की निशानदेही पर उसके इंदौर स्थित कार्यालय पर दबिश दी और वहां काम करने वाले लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के बीच वॉट्सऐप पर हुई कई चैट भी पुलिस को मिली हैं जिनमें शराब के अवैध कारोबार के मुनाफे का हिसाब और साझेदारों के बीच रकम के बंटवारे का ब्योरा दर्ज है।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक तस्करी के जरिये अवैध शराब की खेप गुजरात भेजे जाने की सूचना पर दो नवंबर को तड़के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस दल के साथ इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया,‘‘पुरी ने 1,800 लीटर से ज्यादा शराब से भरे ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस से बचकर भागने के लिए ट्रक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया जिससे उनकी मौत हो गई।’’
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में शामिल मोहिन जायसवाल की फरार रहने के दौरान कथित तौर पर मस्तिष्काघात (ब्रेन स्ट्रोक) के बाद गुजरात के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
