नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 50,000 से तीन लाख की आबादी वाले शहरी स्थानीय निकायों की ‘स्वच्छ शहर’ श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। बुधवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार प्रदान किया। एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी और उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने यहां विज्ञान भवन में यह पुरस्कार प्राप्त किया।
यह नई रैंकिंग पिछले साल की स्थिति से अलग है। पिछले साल, स्वच्छता और साफ-सफाई के क्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए एनडीएमसी को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25’ में ‘सुपर स्वच्छ लीग सिटी’ का खिताब मिला था। एनडीएमसी ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखी है।
उसे 2023 में केंद्र शासित प्रदेश के सबसे स्वच्छ क्षेत्र के रूप में मान्यता मिली। उसे 2020 में राजधानी शहर के सबसे स्वच्छ क्षेत्र का दर्जा दिया गया था। एनडीएमसी के साल-दर-साल के प्रदर्शन रिकॉर्ड के अनुसार उसने 2018, 2019 और 2021 में भी एक-तीन लाख की आबादी वाली श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया था।
परिषद ने अपनी नवीनतम रैंकिंग का श्रेय मशीनीकृत सफाई, रात के समय की जाने वाली सफाई, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन और लोगों की भागीदारी को दिया है। एनडीएमसी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय, राजनयिक मिशन, विरासत स्थल और कनॉट प्लेस, खान मार्केट तथा सरोजिनी नगर जैसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र शामिल हैं, जहां आगंतुकों, खरीददारों और कार्यालय जाने वालों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। परिषद हर दिन लगभग 300 टन ठोस कचरे का प्रसंस्करण करती है, जबकि इसकी प्रसंस्करण क्षमता 509 टन प्रतिदिन है।
चहल ने कहा कि यह सम्मान आधुनिक तकनीक, मशीनीकरण, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता में सुधार लाने के लिए परिषद द्वारा किए गए प्रयासों को दर्शाता है। एनडीएमसी के अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल स्वच्छता सर्वेक्षणों में बेहतर स्थान पाना ही नहीं, बल्कि यहां के निवासियों और आंगुतकों को एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
