मैड्रिड, चार नवंबर (एपी) मैड्रिड के दक्षिण में हाई-स्पीड ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 69 लोगों की मौत की घटना के छह दिन बाद स्पेन के परिवहन मंत्री ने मंगलवार को पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने सांसदों के समक्ष कई घंटे तक हुई चर्चा के अंत में यह घोषणा की। स्पेन के व्यापक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर इस वर्ष हुई यह दूसरी भीषण दुर्घटना थी।
पुएंते ने सांसदों से कहा, ‘‘स्पेन जैसे देश का परिवहन मंत्री एक वर्ष के भीतर दो रेल हादसों के बाद अपने पद पर बना नहीं रह सकता। यह राजनीतिक मर्यादा, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और पीड़ितों के प्रति संवेदना का प्रश्न है।’’
यह हादसा 28 अक्टूबर को उस समय हुआ, जब मैड्रिड-सेविले रेलमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुख्य संचार तंत्र ठप हो गया। इसके कारण मैड्रिड स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष ने रेल परिचालन की कमान संभाली और पटरी पर पहले से एक रेलगाड़ी मौजूद होने के बावजूद दूसरी रेलगाड़ी को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी।
परिणामस्वरूप दूसरी तेज रफ्तार रेलगाड़ी पहले से मौजूद रेलगाड़ी से जा टकराई। मैड्रिड-सेविले रेलमार्ग पर इस वर्ष यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले जनवरी में इसी मार्ग पर दक्षिण की ओर जा रही एक रेलगाड़ी पटरी से उतरकर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी रेलगाड़ी से टकरा गई थी।
उस दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे की जांच अभी जारी है।
